रांची: राजस्व उप निरीक्षक लक्ष्मीकांत मुंडा की हत्या के विरोध में राज्यभर के राजस्व कर्मियों का आक्रोश फूट पड़ा है। आंदोलन को तेज करते हुए बुधवार को राजस्व कर्मियों ने हाथों में काला बिल्ला लगाकर काम किया। राज्य के सभी अंचल और बंदोबस्त कार्यालयों में कार्यरत तीनों संवर्गों के कर्मियों ने इस विरोध प्रदर्शन में हिस्सा लिया।

अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी
झारखंड राज्य राजस्व उप निरीक्षक संघ के महासचिव दुंगेश मुंडा ने रोष व्यक्त करते हुए कहा कि लक्ष्मीकांत मुंडा के हत्यारों की अब तक गिरफ्तारी नहीं हुई है और परिजनों को अभी तक न्याय नहीं मिला है। संघ ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द दोषियों की गिरफ्तारी नहीं हुई, तो आज गुरुवार से राज्यभर के कर्मी कलमबद्ध हड़ताल पर रहेंगे और अनिश्चितकालीन आंदोलन करेंगे।
संघ ने मामले की उच्चस्तरीय जांच के लिए एसआईटी (SIT) गठित करने और सभी दोषियों को जल्द सलाखों के पीछे भेजने की मांग की है। इस बीच, लक्ष्मीकांत मुंडा के पीड़ित परिजनों ने भाजपा नेताओं से मुलाकात कर न्याय की गुहार भी लगाई है।


