झारखंड में SIR का आज अंतिम दिन: शाम 4 बजे तक जमा करें एन्यूमरेशन फॉर्म, नहीं तो ड्राफ्ट वोटर लिस्ट से कट सकता है नाम

झारखंड में SIR अभियान के तहत एन्यूमरेशन फॉर्म जमा करने का आज अंतिम दिन है। मतदाता 29 जुलाई शाम चार बजे तक फॉर्म जमा करें, वरना ड्राफ्ट वोटर लिस्ट में नाम छूट सकता है।

Razi Ahmad
3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Jharkhand SIR : झारखंड में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान के तहत एन्यूमरेशन फॉर्म जमा करने की अंतिम तिथि 29 जुलाई है। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी (CEO) ने सभी पात्र मतदाताओं से अपील की है कि वे बुधवार शाम 4 बजे तक अपना भरा हुआ और हस्ताक्षरित एन्यूमरेशन फॉर्म संबंधित बूथ लेवल अधिकारी (BLO) के पास जमा कर दें। समय पर फॉर्म जमा नहीं होने पर 5 अगस्त को प्रकाशित होने वाली प्रारूप मतदाता सूची (ड्राफ्ट वोटर लिस्ट) में नाम शामिल नहीं हो सकता।

चुनाव आयोग के अनुसार, राज्य में वर्तमान में 2.64 करोड़ से अधिक मतदाता पंजीकृत हैं। अब तक 31 विधानसभा क्षेत्रों में एन्यूमरेशन फॉर्म का डिजिटाइजेशन 100 प्रतिशत पूरा हो चुका है, जबकि शेष 50 विधानसभा क्षेत्रों में यह प्रक्रिया 97 से 99 प्रतिशत के बीच पहुंच गई है।

30 जून से शुरू हुई इस प्रक्रिया के तहत 28 जुलाई तक 2.20 करोड़ से अधिक मतदाताओं के फॉर्म जमा होकर डिजिटाइज किए जा चुके हैं। वहीं, 43.55 लाख से अधिक मतदाताओं ने अभी तक अपना एन्यूमरेशन फॉर्म जमा नहीं कराया है।

चुनाव आयोग के आंकड़ों के मुताबिक, अब तक 7.61 लाख मृत मतदाताओं, 14.59 लाख अनुपस्थित या पता नहीं चलने वाले मतदाताओं, 15.87 लाख स्थायी रूप से स्थानांतरित मतदाताओं और 4.34 लाख ऐसे मतदाताओं की पहचान की गई है, जिनका नाम पहले से किसी अन्य स्थान की मतदाता सूची में दर्ज है। इसके अलावा 1.12 लाख से अधिक मतदाताओं ने फॉर्म पर हस्ताक्षर करने से इनकार किया है।

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने दोहराया कि जिन मतदाताओं ने अभी तक फॉर्म जमा नहीं किया है, वे अंतिम समय का इंतजार न करें और निर्धारित समय सीमा के भीतर इसे जमा कर दें।

इस बीच, महगामा में ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह द्वारा SIR की समीक्षा बैठक किए जाने को लेकर भाजपा ने चुनाव आयोग से शिकायत की है।

भाजपा का आरोप है कि निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान किसी जनप्रतिनिधि की मौजूदगी में प्रशासनिक अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक निष्पक्षता पर सवाल खड़े कर सकती है। पार्टी ने मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।

Share This Article
रजी अहमद एक उभरते हुए कंटेंट राइटर हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग दो वर्षों का अनुभव है। उन्होंने न्यूज़ अरोमा में काम करते हुए विभिन्न विषयों पर लेखन किया और अपनी लेखन शैली को मजबूत बनाया। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कंटेंट राइटिंग, न्यूज़ लेखन और मीडिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं में अच्छा अनुभव हासिल किया। वह लगातार सीखते हुए अपने करियर को आगे बढ़ा रहे हैं।