
Jharkhand Health Department : झारखण्ड सरकार के स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग ने राज्य के सरकारी अस्पतालों में विशेषज्ञ चिकित्सकों की कमी को दूर करने के लिए बड़ी पहल की है। विभाग ने खाली पड़े पदों को भरने की प्रक्रिया को तेज करते हुए नियुक्ति के लिए आवश्यक अधियाचना (रिक्विजिशन) आगे की कार्रवाई हेतु भेज दी है।
आधिकारिक जानकारी के मुताबिक, विभाग को पत्रांक-22 (4) दिनांक 20 मार्च 2026 के तहत कुल 25 अधियाचना प्रपत्र प्राप्त हुए हैं। ये प्रपत्र राज्य के विभिन्न सरकारी अस्पतालों में विशेषज्ञ डॉक्टरों के रिक्त पदों से संबंधित हैं, जिनकी नियुक्ति लंबे समय से लंबित थी।
सरकार ने स्पष्ट किया है कि यह नियुक्ति प्रक्रिया गैर-शैक्षणिक विशेषज्ञ चिकित्सकों की भर्ती, प्रोन्नति एवं सेवा शर्त नियमावली 2015 और इसके संशोधित संस्करण 2021 के तहत पूरी की जाएगी। इससे पूरी प्रक्रिया नियमबद्ध और पारदर्शी तरीके से संपन्न होगी।
इसके साथ ही, सक्षम प्राधिकार द्वारा अनुमोदित आरक्षण रोस्टर को भी शामिल किया गया है, ताकि नियुक्ति में सामाजिक न्याय और निर्धारित आरक्षण नियमों का पालन सुनिश्चित किया जा सके।
माना जा रहा है कि इस पहल से सरकारी अस्पतालों में विशेषज्ञ डॉक्टरों की कमी काफी हद तक दूर होगी, जिससे मरीजों को बेहतर इलाज और स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकेंगी।


