
रांची : झारखंड में 29 मई को छात्र और युवा संगठनों की ओर से राज्यव्यापी चक्का जाम का ऐलान किया गया है। इस आंदोलन का असर राज्य के कई जिलों में देखने को मिल सकता है। यह विरोध प्रदर्शन कॉलेजों में लागू किए जा रहे क्लस्टर सिस्टम, नेट परीक्षा पेपर लीक मामले और सीबीआई द्वारा उत्तर पुस्तिकाओं की जांच प्रक्रिया में कथित गड़बड़ियों के खिलाफ किया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक, इस आंदोलन का नेतृत्व आइसा (AISA) कर रहा है। इसके साथ आरवाईए समेत कई अन्य छात्र और सामाजिक संगठन भी इसमें शामिल होंगे।
प्रदर्शन के दौरान राज्य के अलग-अलग जिलों में सड़क जाम कर विरोध दर्ज कराया जाएगा। इसका असर रांची समेत गिरिडीह, धनबाद, रामगढ़, बोकारो, पलामू, गढ़वा, लातेहार, हजारीबाग, जामताड़ा, देवघर, चतरा और जमशेदपुर में देखा जा सकता है। राजधानी रांची में सुबह 11 बजे अल्बर्ट एक्का चौक पर चक्का जाम कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। आयोजकों का कहना है कि यह आंदोलन छात्रों और शिक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दों को लेकर आवाज उठाने के लिए किया जा रहा है।

