रांची : JACA स्टेडियम में आज यानी 10 जून से झारखंड T-20 लीग का आगाज हो चुका है। इस दौरान कैप्टन कूल महेंद्र सिंह धोनी खिलाडियों का हौसला बढ़ाने जेएससीए स्टेडियम पहुंचे। उनके पहुंचते ही खिलाड़ियों और दर्शकों में खासा उत्साह देखने को मिला। झारखंड टी-20 लीग राज्य के उभरते क्रिकेटरों के लिए अपनी प्रतिभा दिखाने का बड़ा मंच माना जा रहा है। ऐसे में धोनी की मौजूदगी ने टूर्नामेंट की रौनक और बढ़ा दी। धोनी के स्टेडियम पहुंचने की खबर मिलते ही क्रिकेट प्रशंसकों में भी उत्साह का माहौल बन गया। कई लोगों ने इसे झारखंड क्रिकेट के लिए गर्व का क्षण बताया। धोनी की मौजूदगी ने एक बार फिर साबित कर दिया कि वह सिर्फ एक महान खिलाड़ी ही नहीं, बल्कि युवा प्रतिभाओं के लिए प्रेरणा का बड़ा स्रोत भी हैं।

स्टेडियम में एंट्री फ्री
JPL की सबसे बड़ी खासियत यह है कि दर्शकों को मैच देखने के लिए टिकट नहीं लेना होगा। JSCA ने सभी मुकाबलों में एंट्री पूरी तरह फ्री रखी है। JSCA अध्यक्ष अजय नाथ शाह देव ने लोगों से अपील की है कि वे बड़ी संख्या में स्टेडियम पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाएं। फ्री एंट्री की वजह से मैच में भारी भीड़ देखने को मिल रही है।

छह टीमों के बीच 27 मैचों का रोमांच
JPL 2026 में कुल छह टीमें हिस्सा ले रही हैं। इसमें-रांची टाइटंस, जमशेदपुर स्टीलर्स, छोटानागपुर रॉयल्स, कोयलांचल सुपर किंग्स, धनबाद डायमंड्स और संथाल स्ट्राइकर्स। टूर्नामेंट में कुल 27 मुकाबले खेले जाएंगे, जिनमें 24 लीग मैच शामिल हैं। इसके बाद टॉप टीमें नॉकआउट राउंड में पहुंचेंगी और फिर फाइनल मुकाबला खेला जाएगा। 23 जून को होने वाले फाइनल में दो सबसे मजबूत टीमें ट्रॉफी के लिए भिड़ेंगी। माना जा रहा है कि यह लीग झारखंड को कई नए और प्रतिभाशाली खिलाड़ी दे सकती है, जो आगे चलकर राज्य का नाम राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन करेंगे।


