


गिरिडीह : गिरिडीह जिले के हीरोडीह थाना क्षेत्र के पांडेडीह भंडारो मोड़ के पास बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में 60 वर्षीय मोहम्मद असगर अंसारी की मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वे रोज की तरह साइकिल से सब्जी लेकर घर से निकले थे। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार से आए एक अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।





टक्कर लगते ही वे सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से उन्हें पहले जमुआ अस्पताल ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत गंभीर देखते हुए गिरिडीह सदर अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की खबर मिलते ही परिवार में शोक की लहर दौड़ गई।
हादसे के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने गिरिडीह–कोडरमा मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। लोगों ने प्रशासन से मुआवजा देने और फरार वाहन चालक की जल्द गिरफ्तारी की मांग की। जाम के कारण सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। बाद में अधिकारियों के आश्वासन पर लोगों ने जाम हटा लिया। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज की जांच कर अज्ञात वाहन की पहचान में जुटी है और मामले की जांच जारी है।
