साधु के भेष में मौत का खेल! नशीला लड्डू खिलाकर लूटने वाले गिरोह का पर्दाफाश, 7 गिरफ्तार

झारखंड में ट्रेन में साधु के भेष में लुटेरों का खौफनाक खेल नशीला प्रसाद खिलाकर महिला की मौत नकदी और जेवरात लूटने वाले 7 फर्जी साधु गिरफ्तार हुए

3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची/कोडरमा : झारखंड में साधु के भेष में घूम रहे लुटेरों का एक खतरनाक गिरोह इन दिनों लोगों के लिए बड़ी मुसीबत बन गया है। ये गिरोह यात्रियों को प्रसाद के नाम पर नशीला लड्डू खिलाकर बेहोश करता है और फिर नकदी व जेवरात लूटकर फरार हो जाता है। ताजा मामला कोडरमा–धनबाद रेलखंड से सामने आया है, जहां एक महिला यात्री की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। जानकारी के मुताबिक, ट्रेन में सफर कर रही एक महिला को साधु के वेश में मौजूद अपराधियों ने प्रसाद के नाम पर लड्डू दिया। लड्डू खाते ही महिला की तबीयत बिगड़ गई और वह कुछ ही देर में बेहोश हो गई। इसी दौरान आरोपियों ने उसके पास से करीब 4 हजार रुपये नकद और चांदी के जेवरात लूट लिए। महिला को बेहोशी की हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चार दिनों तक इलाज चला, लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी। मृतका उत्तर प्रदेश के मांडा क्षेत्र की रहने वाली बताई जा रही है।

मठ से जुड़ाव का झांसा देकर करते थे ठगी

रेलवे पुलिस को लंबे समय से शिकायतें मिल रही थीं कि कुछ लोग साधु का भेष धारण कर यात्रियों को निशाना बना रहे हैं। जांच में सामने आया कि आरोपी खुद को किसी मठ से जुड़ा बताकर लोगों का भरोसा जीतते थे और फिर नशीला प्रसाद देकर वारदात को अंजाम देते थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए जीआरपी और आरपीएफ ने संयुक्त कार्रवाई शुरू की। सीसीटीवी फुटेज की मदद से संदिग्धों की पहचान की गई और पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 7 फर्जी साधुओं को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में सभी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है। पुलिस का कहना है कि इस गिरोह के अन्य सदस्य अभी फरार हैं, जिनकी तलाश तेजी से की जा रही है। उम्मीद है कि जल्द ही उन्हें भी पकड़ लिया जाएगा।

यात्रियों के लिए चेतावनी

रेलवे पुलिस ने यात्रियों से अपील की है कि वे किसी भी अनजान व्यक्ति से खाने-पीने की चीजें या प्रसाद स्वीकार न करें। साथ ही किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना रेलवे सुरक्षा बल या पुलिस को दें।

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।