
Jharkhand Treasury scam : रांची में बहुचर्चित ट्रेजरी घोटाले की जांच को लेकर कार्रवाई तेज हो गई है। जांच समिति के अध्यक्ष अमिताभ कौशल ने हजारीबाग और बोकारो जिला प्रशासन के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए समीक्षा बैठक कर आवश्यक निर्देश दिए।
बैठक में हजारीबाग और बोकारो के उपायुक्तों, ट्रेजरी अधिकारियों और अन्य संबंधित पदाधिकारियों को फर्जी भुगतान से जुड़े 22 प्रकार के दस्तावेज तैयार करने का निर्देश दिया गया है। इसके लिए सोमवार तक की समयसीमा तय की गई है।
महालेखाकार कार्यालय के सुझाव पर हजारीबाग में 1 अप्रैल 2011 से 31 मार्च 2026 तक और बोकारो में 1 अप्रैल 2020 से 31 मार्च 2026 तक ट्रेजरी से हुए भुगतानों की जांच की जाएगी।
जांच समिति ने स्पष्ट किया है कि दस्तावेज तैयार होते ही टीम किसी भी समय दोनों जिलों का दौरा कर रिकॉर्ड की जांच करेगी और गड़बड़ी के बिंदुओं की पहचान करेगी।
गौरतलब है कि इन दोनों जिलों में ट्रेजरी से कथित तौर पर फर्जी तरीके से करोड़ों रुपये की निकासी का मामला सामने आया है, जिसकी गहन जांच जारी है।

