


झारखंड : झारखंड में दक्षिण-पश्चिम मॉनसून के आगे बढ़ने के लिए मौसम अनुकूल बना हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार राज्य के अधिकांश इलाकों में अगले कुछ दिनों तक बादल छाए रहेंगे। साथ ही हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की संभावना है। विभाग ने 27 जून तक विभिन्न जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।





मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक पंजाब से बिहार तक एक टर्फ सक्रिय है, जबकि झारखंड से तटीय आंध्र प्रदेश तक भी एक अन्य टर्फ बना हुआ है। इससे राज्य में नमी बढ़ रही है और मॉनसून को आगे बढ़ने में मदद मिल रही है। अनुमान है कि 23 जून के आसपास झारखंड, बिहार और ओडिशा के कुछ और हिस्सों में मॉनसून पहुंच सकता है।
मौसम विभाग ने बताया कि 22 और 23 जून को अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की कमी आ सकती है। पिछले 24 घंटों में चैनपुर (गुमला) में सबसे अधिक 40.2 मिमी बारिश दर्ज की गई। वहीं रांची, बोकारो और नामकुम में भी अच्छी बारिश हुई। 23 से 27 जून तक कई क्षेत्रों में वज्रपात और 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।
