
झारखंड: झारखंड में बीते दो दिनों से मौसम का मिजाज बदल गया है। कड़ी धूप से लोगों को बड़ी राहत मिली है। शनिवार को राज्य के कई हिस्सों में अच्छी बारिश हुई और साथ में आंधी-तूफान का भी सामना करना पड़ा वहीं आज रविवार को भी राज्य के कई जिलों में तेज बारिश की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग ने रविवार को भी राज्य के कई जिलों में तेज आंधी, मेघ गर्जन, वज्रपात और बारिश की चेतावनी जारी की है। रांची सहित खूंटी, लोहरदगा, गुमला, सिमडेगा, रामगढ़, धनबाद, कोडरमा और गिरिडीह में कहीं-कहीं 50 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की संभावना को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
बीते कल राजधानी रांची में तेज आंधी और बारिश ने जनजीवन को प्रभावित किया। रांची के डोरंडा बाजार में विशाल पेड़ उखड़कर गिरने से बिजली आपूर्ति घंटों बाधित रही और यातायात प्रभावित हुआ।
वहीं, खराब मौसम के कारण रांची आने वाली चार उड़ानों को कोलकाता डायवर्ट करना पड़ा और एक विमान रद्द कर दिया गया।

