
रांची: नामकुम स्थित 132/33 केवी ग्रिड सब-स्टेशन में आवश्यक मरम्मत एवं रखरखाव कार्य के कारण रविवार 31 मई को शहर के कई इलाकों में तीन घंटे तक बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी। विद्युत विभाग के अनुसार सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक संबंधित फीडरों से बिजली आपूर्ति बंद रखी जाएगी।
विभाग ने बताया कि 33 केवी हाफ मेन बस तथा 33 केवी पानी टंकी फीडर के मेन बस आइसोलेटर का रखरखाव किया जाना है। इसके लिए संबंधित फीडरों की विद्युत आपूर्ति अस्थायी रूप से रोकी जाएगी।
इस दौरान खेलगांव, आरएमसीएच, मेन रोड, नामकुम एवं पानी टंकी फीडर से जुड़े क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति प्रभावित रहेगी। साथ ही खेलगांव, आरएमसीएच, पॉलिटेक्निक, नामकुम और पानी टंकी विद्युत शक्ति उपकेंद्रों के अधीन आने वाले सभी मोहल्लों में निर्धारित अवधि तक बिजली नहीं रहेगी।
विद्युत विभाग ने उपभोक्ताओं से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि विद्युत व्यवस्था को अधिक सुरक्षित एवं सुचारु बनाने के उद्देश्य से यह रखरखाव कार्य किया जा रहा है। विभाग ने होने वाली असुविधा के लिए खेद भी व्यक्त किया है।

