
रांची: झारखंड में पड़ रही भीषण गर्मी के बीच राहत की खबरभरी सामने आ रही है। मौसम विभाग के मुताबिक, 16 और 17 अप्रैल को राज्य के सात जिलों में गरज के साथ हल्की बारिश की संभावना है। जिन जिलों में बारिश की संभावना जताई गई है, उनमें देवघर, गिरीडीह, दुमका, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़ और साहिबगंज शामिल हैं। इन इलाकों में बादलों की गरज के साथ हल्की बारिश होने से तापमान में थोड़ी गिरावट आ सकती है, जिससे लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।
हालांकि, राज्य के बाकी हिस्सों में मौसम सूखा ही बना रहेगा। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि आने वाले पांच दिनों में अधिकतम तापमान 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है। खासतौर पर 17 से 19 अप्रैल के बीच तापमान सामान्य से ज्यादा रहने की संभावना है। फिलहाल राजधानी रांची समेत पूरे राज्य में गर्मी का जबरदस्त असर देखने को मिल रहा है। कई जिलों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच चुका है, जिससे लोगों की दिनचर्या प्रभावित हो रही है। मौसम विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि तेज धूप से बचें, भरपूर पानी पीते रहें और बहुत जरूरी होने पर ही बाहर निकलें।

