रांची: छठ महापर्व को लेकर रांची जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। पर्व के दौरान व्रतियों और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने शनिवार को प्रशासनिक अधिकारियों की टीम के साथ शहर के प्रमुख छठ घाटों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने कांके डैम, हटनिया तालाब (मछली घर), चड़री तालाब, बड़ा तालाब, धुर्वा डैम और बटन तालाब (डोरंडा) पहुंचकर वहां की वर्तमान स्थिति, साफ-सफाई, सुरक्षा, प्रकाश व्यवस्था और भीड़ प्रबंधन का जायजा लिया। उन्होंने नगर निगम के अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि पर्व से पहले सभी घाटों की सघन सफाई सुनिश्चित की जाए, सीढ़ियों से काई हटाई जाए और डीडीटी का छिड़काव किया जाए। साथ ही धुर्वा डैम और अन्य घाटों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने, एनडीआरएफ की टीम तैनात रखने तथा महिलाओं एवं पुरुषों के लिए अस्थायी चेंजिंग रूम बनाने के निर्देश भी दिए गए।

इसके अलावा उपायुक्त ने बारह पड़हा जतरा पूजा समिति मिसिर गोंदा का भी दौरा किया और जतरा मेला की तैयारियों की समीक्षा की। इस दौरान पहुंच मार्ग पर अतिक्रमण की शिकायत मिलने पर उन्होंने नगर निगम को तत्काल इसे हटाने के निर्देश दिए ताकि श्रद्धालुओं को आवागमन में कोई परेशानी न हो।
निरीक्षण के अंत में उपायुक्त ने सभी छठ पूजा समितियों और नागरिकों से जिला प्रशासन का पूर्ण सहयोग करने की अपील की, ताकि राजधानी रांची में आस्था का यह महापर्व सुरक्षित और भव्य तरीके से संपन्न हो सके। इस मौके पर ट्रैफिक एसपी, अपर जिला दंडाधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और पूजा समितियों के कई सदस्य मौजूद रहे।


