पंजी टू में छेड़छाड़ का खुलासा, चतरा अभिलेखागार के दो कर्मियों पर FIR

News Update
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Chatra News: चतरा जिला अभिलेखागार कार्यालय (रिकॉर्ड रूम) के पंजी टू में छेड़छाड़ करने के आरोप में दो कर्मचारियों इंद्रजीत कुमार और अजीत कुमार के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।

उपायुक्त रमेश घोलप के निर्देश पर अभिलेखागार प्रभारी अनुरंजन झा ने सदर थाना में मामला दर्ज कराया। यह कार्रवाई टंडवा निवासी विनोद कुमार पासवान की शिकायत के बाद की गई, जिन्होंने उपायुक्त से इस छेड़छाड़ की शिकायत की थी।

शिकायत के बाद जांच में हुआ खुलासा

शिकायत को गंभीरता से लेते हुए 16 दिसंबर 2024 को एक त्रिस्तरीय जांच कमेटी गठित की गई। जांच में 27 जून 2023 से 25 अक्टूबर 2023 के बीच अभिलेखों में छेड़छाड़ की पुष्टि हुई। इसके बाद तत्कालीन दोनों कर्मचारियों पर मामला दर्ज किया गया।

कर्मचारियों का स्थानांतरण और प्राथमिकी

वर्तमान में इंद्रजीत कुमार कुंदा प्रखंड कार्यालय और अजीत कुमार लावालौंग प्रखंड कार्यालय में लिपिक के पद पर कार्यरत हैं। इनके खिलाफ कांड संख्या 88/25 के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच जारी है।

भू-माफिया और बिचौलियों के गठजोड़ का भी पर्दाफाश

लगातार अभिलेखागार कार्यालय में हो रही अनियमितताओं, बिचौलियों और भू-माफियाओं की सक्रियता पर रिपोर्ट प्रकाशित की जा रही थी। विधायक जर्नादन पासवान ने भी विधानसभा के शून्यकाल में इस मुद्दे को उठाया, जिसके बाद प्रशासन हरकत में आया और कार्रवाई की गई।

Share This Article