बूथ से पंचायत तक संगठन को धार देने के लिए झामुमो का अभियान आज से

झामुमो महासचिव विनोद पांडेय संगठनात्मक दौरे पर, SIR और जनगणना को लेकर कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण देंगे, जबकि पार्टी ने बूथ स्तर तक मिशन मोड में अभियान तेज कर दिया है।

2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

संगठनात्मक दौरे पर झामुमो महासचिव विनोद पांडेय, एसआईआर पर कार्यकर्ताओं को करेंगे प्रशिक्षित

रांची : विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) और आगामी जनगणना को लेकर झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने संगठन को मिशन मोड में सक्रिय कर दिया है। पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष एवं मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के निर्देश पर पंचायत से लेकर बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं और बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) को संगठित करने का अभियान तेज कर दिया गया है। इसी कड़ी में झामुमो के केंद्रीय महासचिव एवं प्रवक्ता विनोद पांडेय आज से राज्यव्यापी सांगठनिक बैठकों में विशेष रूप से शामिल होंगे और समन्वय स्थापित करेंगे।

पार्टी कार्यक्रम के अनुसार 2 जून को चाईबासा, 3 जून को पूर्वी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां तथा 4 जून को सिमडेगा में बैठकें आयोजित होंगी। इन बैठकों में जिला, प्रखंड और बूथ स्तर के पदाधिकारियों के साथ बीएलए भी शामिल होंगे। बैठकों का मुख्य उद्देश्य एसआईआर की प्रक्रिया, मतदाता सूची सत्यापन और जनगणना से जुड़े मुद्दों पर कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित करना है।

महासचिव विनोद पांडेय ने कहा कि भाजपा लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं को प्रभावित करने के लिए एसआईआर जैसे मुद्दों का राजनीतिक इस्तेमाल करना चाहती है, लेकिन झामुमो का संगठन हर बूथ पर जनता को जागरूक करेगा और किसी भी कथित षड्यंत्र को सफल नहीं होने देगा। उन्होंने कहा कि भाजपा हर केंद्रीय योजना का श्रेय लेने में आगे रहती है, लेकिन झारखंड की ओर से पूछे जाने वाले अधिकारों, बकाया राशि, खनिज संपदा के उचित हिस्से और राज्य के विकास के सवालों पर चुप्पी साध लेती है।

उन्होंने सवाल उठाया कि झारखंड से देश को कोयला, लोहा और अन्य खनिज संपदा मिलने के बावजूद राज्य को उसका पूरा अधिकार कब मिलेगा। साथ ही महंगाई, बेरोजगारी, किसानों की आय, एमएसपी की कानूनी गारंटी और बढ़ती कीमतों को लेकर भी केंद्र सरकार को कठघरे में खड़ा किया। झामुमो नेता का कहना है कि संगठन की मजबूती और जनता के बीच सीधा संवाद ही भाजपा की राजनीति का जवाब होगा तथा आगामी राजनीतिक चुनौतियों का मुकाबला इसी आधार पर किया जाएगा।

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।