JSSC परीक्षार्थियों के लिए रांची मंडल ने चलाई परीक्षा स्पेशल ट्रेन, 2 ट्रेनों में पूरी क्षमता से अधिक यात्रियों ने किया सफर

JSSC परीक्षा के लिए रांची मंडल ने तीन परीक्षा स्पेशल ट्रेनें चलाईं। गढ़वा रोड और दुमका रूट पर क्षमता से अधिक यात्री सफर करते दिखे, फिर भी व्यवस्था सुचारु रही।

Razi Ahmad
3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

JSSC Exam : दक्षिण पूर्व रेलवे के रांची मंडल द्वारा JSSC परीक्षा में सम्मिलित होने वाले अभ्यर्थियों और अन्य यात्रियों की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए विशेष प्रबंध किए गए। परीक्षा के दौरान संभावित अतिरिक्त भीड़ को ध्यान में रखते हुए मंडल द्वारा विभिन्न दिशाओं में परीक्षा स्पेशल ट्रेनों का सफलतापूर्वक परिचालन किया गया।

इन ट्रेनों के संचालन से हजारों परीक्षार्थियों एवं यात्रियों को सुरक्षित, सुगम एवं समयबद्ध यात्रा की सुविधा प्राप्त हुई।19 जुलाई 2026 को रांची मंडल द्वारा तीन परीक्षा स्पेशल ट्रेनों का परिचालन किया गया। इनमें रांची पटना परीक्षा स्पेशल से लगभग 400 यात्री, रांची गढ़वा रोड परीक्षा स्पेशल से लगभग 1,260 यात्री तथा रांची दुमका परीक्षा स्पेशल से लगभग 825 यात्रियों ने यात्रा की।

रांची गढ़वा रोड परीक्षा स्पेशल में यात्रियों की ऑक्यूपेंसी लगभग 105 प्रतिशत तथा रांची दुमका परीक्षा स्पेशल में लगभग 103 प्रतिशत दर्ज की गई। यह दर्शाता है कि परीक्षा स्पेशल ट्रेनों का संचालन परीक्षार्थियों एवं अन्य यात्रियों की आवश्यकता के अनुरूप अत्यंत उपयोगी एवं प्रभावी सिद्ध हुआ।

परीक्षार्थियों और यात्रियों की सुविधा के साथ भीड़ के सुव्यवस्थित प्रबंधन के लिए रांची रेलवे स्टेशन पर व्यापक स्तर पर अधिकारियों एवं कर्मचारियों की विशेष तैनाती की गई। सुबह 10 बजे से रात्रि 9 बजे तक 2 सहायक वाणिज्य प्रबंधक, सहायक सुरक्षा आयुक्त, मुख्य वाणिज्य निरीक्षक, 2 उप स्टेशन अधीक्षक (वाणिज्य) तथा 2 मुख्य टिकट निरीक्षक लगातार निगरानी में तैनात रहे।

टिकट जांच व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए विभिन्न पालियों में कुल 27 टिकट जांच कर्मियों की विशेष ड्यूटी लगाई गई। यात्रियों की सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण एवं सुचारु आवागमन सुनिश्चित करने के लिए रेल सुरक्षा बल (RPF) के 45 जवान पूरे दिन स्टेशन परिसर एवं प्लेटफार्मों पर तैनात रहे। इसके अतिरिक्त यात्रियों व परीक्षार्थियों को आवश्यक जानकारी और मार्गदर्शन उपलब्ध कराने के लिए रांची रेलवे स्टेशन पर सुबह 6 बजे से रात्रि 9 बजे तक हेल्प डेस्क संचालित किया गया, जहां रेलवे कर्मियों द्वारा निरंतर सहायता प्रदान की गई।

परीक्षा स्पेशल ट्रेनों के परिचालन का सकारात्मक प्रभाव नियमित ट्रेनों में भी देखने को मिला। इन विशेष ट्रेनों के संचालन के कारण नियमित ट्रेनों में यात्रियों को अत्यधिक भीड़ का सामना नहीं करना पड़ा तथा परीक्षार्थियों के साथ अन्य यात्रियों की यात्रा सुगम व सुविधाजनक रही। समुचित भीड़ प्रबंधन और विशेष व्यवस्था के फलस्वरूप किसी प्रकार की असुविधा अथवा अव्यवस्था की स्थिति उत्पन्न नहीं हुई।

Share This Article
रजी अहमद एक उभरते हुए कंटेंट राइटर हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग दो वर्षों का अनुभव है। उन्होंने न्यूज़ अरोमा में काम करते हुए विभिन्न विषयों पर लेखन किया और अपनी लेखन शैली को मजबूत बनाया। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कंटेंट राइटिंग, न्यूज़ लेखन और मीडिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं में अच्छा अनुभव हासिल किया। वह लगातार सीखते हुए अपने करियर को आगे बढ़ा रहे हैं।