

डेस्क: जुलाई महीने की शुरुआत के साथ ही देशभर में कई अहम बदलाव लागू हो गए हैं, जिनका सीधा असर आम लोगों की जेब और रोजमर्रा की जिंदगी पर पड़ेगा। कुछ फैसले राहत देने वाले हैं तो कुछ खर्च बढ़ाने वाले। एक तरफ कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर और पेट्रोल-डीजल की कीमतों में कमी आई है, वहीं दूसरी ओर कई कंपनियों ने अपनी कारों की कीमतें बढ़ा दी हैं। इसके अलावा आधार कार्ड, क्रेडिट कार्ड, पासपोर्ट और इलेक्ट्रिक वाहन नीति से जुड़े कई नए नियम भी 1 जुलाई से प्रभावी हो गए हैं।





पहला बदलाव: कमर्शियल LPG सिलेंडर हुआ सस्ता
जुलाई की शुरुआत राहत भरी खबर के साथ हुई है। ऑयल मार्केटिंग कंपनियों ने 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमत में 183 रुपये से ज्यादा की कटौती की है। नई कीमतों के अनुसार, दिल्ली में पहले 3,113.50 रुपये में मिलने वाला कमर्शियल सिलेंडर अब 2,930 रुपये का हो गया है, यानी इसमें 183.50 रुपये की कमी आई है। वहीं कोलकाता में इसकी कीमत 3,255.50 रुपये से घटकर 3,081.50 रुपये, लखनऊ में 3,052.50 रुपये और पटना में 3,227 रुपये हो गई है। हालांकि, घरेलू रसोई में इस्तेमाल होने वाले 14 किलो वाले एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में इस बार भी कोई बदलाव नहीं किया गया है। इसके अलावा हवाई ईंधन (ATF) की कीमत भी 1.15 लाख रुपये प्रति किलोलीटर से घटाकर 1.10 लाख रुपये प्रति किलोलीटर कर दी गई है।
दूसरा बदलाव: पेट्रोल और डीजल हुआ सस्ता
कमर्शियल गैस सिलेंडर के बाद ईंधन के मोर्चे पर भी राहत मिली है। देश की प्रमुख निजी फ्यूल रिटेलर कंपनी नायरा एनर्जी ने अपने 7,000 से ज्यादा पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल और डीजल की कीमतें घटा दी हैं। 1 जुलाई से कंपनी के सभी पंपों पर पेट्रोल 5 रुपये प्रति लीटर और डीजल 3 रुपये प्रति लीटर सस्ता हो गया है। पश्चिम एशिया में तनाव कम होने और अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट के बाद कंपनी ने यह फैसला लिया है। इससे पहले 26 मार्च को नायरा एनर्जी ने पेट्रोल और डीजल के दाम बढ़ाए थे।
तीसरा बदलाव: आधार कार्ड अपडेट करना हुआ आसान
आधार कार्ड से जुड़ा भी एक राहत भरा बदलाव लागू हुआ है। UIDAI ने नई सुविधा शुरू की है, जिसके तहत अब आधार ऐप के जरिए ईमेल आईडी फ्री में अपडेट कराई जा सकती है। पहले इस सुविधा के लिए 75 रुपये का शुल्क देना पड़ता था, लेकिन अब 1 जुलाई से यह काम बिना किसी शुल्क के किया जा सकेगा।
चौथा बदलाव: कार खरीदना अब पड़ेगा महंगा
अगर आप नई कार खरीदने की योजना बना रहे हैं तो अब इसके लिए पहले से ज्यादा खर्च करना पड़ सकता है। जुलाई से कई ऑटो कंपनियों ने अपनी गाड़ियों की कीमतों में बढ़ोतरी कर दी है। किआ मोटर्स ने अपनी कारों की कीमतों में 2 फीसदी तक इजाफा किया है। वहीं टाटा मोटर्स ने अपने ICE (इंटरनल कंबशन इंजन) और इलेक्ट्रिक वाहन (EV) मॉडल्स की कीमतों में 1.5 फीसदी तक की बढ़ोतरी लागू कर दी है।
ये बड़े बदलाव भी हुए लागू
इनके अलावा भी कई अन्य बदलाव 1 जुलाई से प्रभावी हो रहे हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, भारतीय रेलवे बिना टिकट यात्रा करने वालों पर जुर्माने की राशि बढ़ाने की तैयारी कर रहा है। वहीं, अगर आप नया पासपोर्ट बनवाने की योजना बना रहे हैं तो अब इसके लिए पहले से ज्यादा शुल्क देना पड़ सकता है। विदेश मंत्रालय ने 1 जुलाई 2026 से सामान्य और तत्काल पासपोर्ट की सर्विस फीस बढ़ा दी है। इसके अलावा SBI Card ने चुनिंदा PhonePe SBI Credit Card के रिवॉर्ड पॉइंट्स से जुड़े नियमों में बदलाव किया है। वहीं HDFC Credit Card धारकों को अब हर कैलेंडर क्वार्टर में अधिकतम तीन बार मुफ्त डोमेस्टिक एयरपोर्ट लाउंज की सुविधा मिलेगी। इसके लिए शर्त यह है कि पिछले कैलेंडर क्वार्टर में कार्ड से कम से कम 60,000 रुपये का खर्च किया गया हो।
