बॉलीवुड अभिनेत्री और भाजपा सांसद कंगना रनौत एक बार फिर हॉरर फिल्मों की दुनिया में कदम रखने जा रही हैं. ‘चंद्रमुखी 2’ के बाद अब अभिनेत्री अपनी अगली फिल्म ‘स्केरी पिक्चर’ के जरिए दर्शकों को डराने की तैयारी में हैं. इस फिल्म में उनके साथ अभिनेता और निर्माता राणा दग्गुबाती भी नजर आएंगे. फिल्म की घोषणा के बाद से ही इसे लेकर दर्शकों के बीच उत्सुकता बढ़ गई है. कंगना एक बार फिर अलग तरह के किरदार में नजर आने वाली है

हैलोवीन के मौके पर हुआ फिल्म का ऐलान
‘स्केरी पिक्चर’ की आधिकारिक घोषणा 31 अक्टूबर 2026 को नई दिल्ली में आयोजित हॉररकॉन इंडिया 2026 के दौरान की गई. खास बात यह रही कि फिल्म का ऐलान हैलोवीन के मौके पर हुआ. कार्यक्रम में राणा दग्गुबाती ने पहली बार इस फिल्म के नाम का खुलासा किया. उन्होंने बताया कि इस खास आयोजन के लिए फिल्म का शीर्षक पहली बार सार्वजनिक किया जा रहा है. इस घोषणा ने कार्यक्रम को और भी खास बना दिया.

रवि बाबू संभालेंगे निर्देशन की जिम्मेदारी
इस हॉरर फिल्म का निर्देशन मशहूर तेलुगु फिल्ममेकर रवि बाबू करेंगे. वह हॉरर शैली की फिल्मों के लिए जाने जाते हैं. हालांकि, ‘स्केरी पिक्चर’ उनके करियर के लिए भी खास होने वाली है, क्योंकि इसके जरिए वह हिंदी फीचर फिल्म निर्देशन की दुनिया में कदम रखेंगे. ऐसे में दर्शकों को उनके अनुभव और निर्देशन का नया अंदाज देखने को मिलेगा.
कंगना और राणा की जोड़ी को लेकर बढ़ा उत्साह
कंगना रनौत की हॉरर शैली में वापसी और राणा दग्गुबाती के साथ उनका जुड़ना इस फिल्म को खास बनाता है. वहीं, रवि बाबू का निर्देशन फिल्म को लेकर उम्मीदें बढ़ा रहा है. फिलहाल फिल्म की कहानी, रिलीज डेट और बाकी कलाकारों के नाम का खुलासा नहीं किया गया है. अब दर्शकों को इसके अगले अपडेट का इंतजार है.


