
Haveri Murder Case: कर्नाटक के हावेरी जिले से रिश्तों को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। शिगांव शहर के गुड्डदाओनी स्थित एक आंगनवाड़ी केंद्र में संपत्ति विवाद को लेकर एक युवक ने अपनी ही बहन की चाकू मारकर बेरहमी से हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
मृतका की पहचान 29 वर्षीय सुमा शिवशंकरप्पा सावनूर के रूप में हुई है, जो हुबली तालुक के तारिहाल गांव की रहने वाली थी और आंगनवाड़ी केंद्र में सहायक (हेल्पर) के तौर पर कार्यरत थी। पुलिस के अनुसार, हत्या का आरोप उसके भाई संजय पर है।
कई वर्षों से चल रहा था संपत्ति विवाद
जानकारी के मुताबिक, सुमा की शादी कुछ वर्ष पहले शिगांव निवासी शिवशंकर से हुई थी, लेकिन वह अलग रह रही थी और पिछले दो वर्षों से आंगनवाड़ी केंद्र में काम कर रही थी। बताया जा रहा है कि सुमा और उसके भाई संजय के बीच लंबे समय से संपत्ति को लेकर विवाद चल रहा था।
आंगनवाड़ी केंद्र में किया हमला
पुलis के अनुसार, आरोपी संजय अपनी बहन का पीछा करते हुए आंगनवाड़ी केंद्र तक पहुंचा। सोमवार सुबह करीब 9:30 बजे जब सुमा केंद्र परिसर में झाड़ू लगा रही थी, तभी आरोपी ने उस पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में उसकी गर्दन और हाथ पर गंभीर चोटें आईं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद आरोपी भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन स्थानीय लोगों ने उसे पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।
हत्या का हथियार जब्त, जांच जारी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक यशोदा वन्तागोडी और महिला एवं बाल कल्याण विभाग की सहायक संचालक रेवती होसमथ मौके पर पहुंचीं।
पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल चाकू जब्त कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद घटना के सभी पहलुओं की जांच की जाएगी। सुमा का शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।

