उत्तराखंड के केदारताल ट्रैक पर लापता आठ लोगों में से दो के शव बरामद

उत्तराखंड के उत्तरकाशी स्थित केदारताल ट्रैक पर हिमस्खलन के बाद लापता आठ पर्वतारोहियों में से दो के शव बरामद हुए। बचाव दल का तलाशी अभियान बुधवार को फिर शुरू होगा।

News Aroma
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

देहरादून: उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में केदारताल ट्रैक पर भारी बर्फबारी और हिमस्खलन के कारण लापता हुए आठ पर्वतारोहियों की तलाश के लिए चलाए जा रहे अभियान में मंगलवार को दो लोगों के शव बरामद किए गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

उत्तरकाशी जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र से मिली जानकारी के अनुसार, राज्य आपदा प्रतिवादन बल (एसडीआरएफ) और नेहरू पर्वतारोहण संस्थान (निम) की संयुक्त टीम को बर्फ में दबे एक महिला और एक पुरुष के शव मिले। काफी मशक्कत के बाद दोनों शवों को बाहर निकाला जा सका।
मंगलवार अपराह्न तीन बजे अभियान समाप्त करने के बाद टीम अपने शिविर में लौट आई। टीम बुधवार सुबह फिर से तलाशी अभियान शुरू करेगी।

मौसम में सुधार होने के बाद टीम ने मंगलवार सुबह साढ़े सात बजे तलाशी अभियान दोबारा शुरू किया था। इससे पहले, सोमवार को घटनास्थल के आसपास तलाशी के दौरान एक तंबू और कुछ अन्य सामान मिला था।
अधिकारियों के अनुसार, 27 अक्टूबर को सात पर्वतारोही और छह सहायक कर्मियों समेत 13 लोगों का दल गंगोत्री से केदारताल ट्रैक के लिए रवाना हुआ था। इनमें से एक रसोइया बीच रास्ते से ही लौट आया था जबकि बाकी सदस्यों को 29 अक्टूबर को वापस लौटना था। लेकिन खराब मौसम, बर्फबारी और मार्ग में हिमस्खलन के कारण उनकी वापसी संभव नहीं हो सकी।

उन्होंने बताया कि 30 अक्टूबर को ट्रैकिंग एजेंसी ने कुलियों और गाइड का एक दल भेजा था, जिसने करीब छह किलोमीटर तक रास्ता साफ किया। बाद में घटनास्थल के लिए रवाना किए गए बचाव दलों को चार लोग सुरक्षित मिले थे।

Share This Article