रांची : प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी की पुस्तक ‘Belonging: A Journey of Love’ को प्रेम, अपनत्व, त्याग, संघर्ष और भारतीय लोकतांत्रिक मूल्यों की एक प्रेरक जीवनगाथा बताया है।
उन्होंने कहा कि यह पुस्तक महज एक राजनीतिक संस्मरण नहीं, बल्कि एक ऐसी असाधारण जीवन यात्रा का दस्तावेज है, जो यह बताती है कि भारतीयता किसी व्यक्ति के जन्मस्थान से नहीं, बल्कि देश की संस्कृति, विविधता, परंपराओं, संवैधानिक मूल्यों और यहां के लोगों के प्रति उसके समर्पण से निर्मित होती है।

श्री कमलेश ने कहा कि इटली के एक छोटे से कस्बे में जन्मी सोनिया गांधी का भारत आना, भारतीय परिवार और संस्कृति को आत्मसात करना तथा देश की सबसे पुरानी राजनीतिक पार्टी का नेतृत्व करना अपने आप में एक असाधारण यात्रा है। राजीव गांधी के प्रति प्रेम, इंदिरा गांधी के साथ आत्मीय संबंध और राजीव गांधी की असामयिक हत्या जैसी व्यक्तिगत त्रासदी के बावजूद सार्वजनिक जीवन में अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करना उनके धैर्य, साहस और प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

उन्होंने कहा कि सोनिया गांधी की राजनीतिक यात्रा का वर्ष 2004 का प्रसंग विशेष रूप से उल्लेखनीय है, जब संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन की जीत के बाद प्रधानमंत्री बनने का अवसर होने के बावजूद उन्होंने डॉ. मनमोहन सिंह को प्रधानमंत्री पद की जिम्मेदारी सौंपी। यह निर्णय बताता है कि राजनीति में नेतृत्व की पहचान केवल सत्ता और पद से नहीं, बल्कि सिद्धांत, त्याग और व्यापक जनहित के प्रति प्रतिबद्धता से होती है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि पुस्तक में लोकतंत्र, धर्मनिरपेक्षता, नागरिक स्वतंत्रता और संवैधानिक संस्थाओं की स्वायत्तता से जुड़े विषयों पर गंभीर चिंतन किया गया है। भारत की असली ताकत उसकी बहुलतावादी संस्कृति में है। महात्मा गांधी, पंडित जवाहरलाल नेहरू, मौलाना अबुल कलाम आजाद, इंदिरा गांधी और राजीव गांधी की विचारधारा हमें यही संदेश देती है कि भारत सभी धर्मों, जातियों, भाषाओं और समुदायों का साझा देश है।
उन्होंने कहा कि आज लोकतांत्रिक संस्थाओं की निष्पक्षता, चुनाव आयोग की विश्वसनीयता, मीडिया की स्वतंत्रता, न्यायपालिका की स्वायत्तता और विपक्ष की प्रभावी भूमिका लोकतंत्र के सामने महत्वपूर्ण सवाल हैं। लोकतंत्र केवल चुनाव कराने की व्यवस्था नहीं, बल्कि नागरिक अधिकारों की सुरक्षा, असहमति के सम्मान और संविधान की मूल भावना को बनाए रखने की सतत प्रक्रिया है।
श्री कमलेश ने कहा कि कांग्रेस पार्टी की ऐतिहासिक जिम्मेदारी है कि वह अपने लोकतांत्रिक, धर्मनिरपेक्ष और सामाजिक न्याय के मूल्यों को मजबूत करते हुए संविधान की रक्षा और आम नागरिकों के अधिकारों के लिए निरंतर संघर्ष करती रहे।
उन्होंने पुस्तक में व्यक्त आत्ममंथन और राजनीतिक जीवन के कठिन निर्णयों को भी महत्वपूर्ण बताया। उनके अनुसार, लोकतांत्रिक राजनीति में असहमति और बहस का स्वागत होना चाहिए। किसी विचार से असहमति का उत्तर तर्क, संवाद और वैचारिक विमर्श से दिया जाना चाहिए, न कि दबाव अथवा भय के वातावरण से।
अंत में केशव महतो कमलेश ने कहा कि ‘Belonging: A Journey of Love’ का वास्तविक संदेश यही है कि भारत से प्रेम केवल उसकी मिट्टी से जुड़ने का नाम नहीं है, बल्कि उसके लोगों, संस्कृति, विविधता, सामाजिक सद्भाव और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति निष्ठा ही सच्चे भारतीय होने की पहचान है। आज देश को ऐसी राजनीति की आवश्यकता है, जिसमें सत्ता से ऊपर सेवा, धार्मिक पहचान से ऊपर मानवीय गरिमा और राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता से ऊपर संविधान एवं लोकतंत्र के प्रति प्रतिबद्धता हो।


