पटना: केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने शुक्रवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी, उनके परिवार के सदस्यों और पार्टी के अन्य नेताओं पर संविधान तथा इसके निर्माता बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर का अनादर करने का आरोप लगाया। लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के प्रमुख पासवान की यह टिप्पणी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की उस टिप्पणी के बारे में पत्रकारों के सवालों के जवाब में आई, जिसमें उन्होंने ‘जेब में संविधान’ रखने की बात कही थी। इसे लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर परोक्ष तंज के रूप में देखा जा रहा है।

केंद्रीय मंत्री ने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री सही कह रहे हैं। सत्ता संभालने के बाद उन्होंने संविधान की प्रति के सामने सिर झुकाकर यह स्पष्ट कर दिया था कि शासन व्यवस्था में संविधान ही मार्गदर्शक होगा। इसी संविधान के माध्यम से बाबा साहेब अंबेडकर ने गरीबों को आवाज दी।’’ दलित नेता ने आरोप लगाया, ‘‘दूसरी ओर, राहुल गांधी संविधान के सम्मान की बात करते हैं, लेकिन अपनी जेब में उसकी प्रति लेकर घूमते हैं और जब भी चाहते हैं, लोगों के सामने उसे निकालकर दिखाने लगते हैं। संविधान ऐसी वस्तु नहीं है, जिसे सार्वजनिक रूप से यूं ही लहराया जाए। लेकिन राहुल गांधी और उनके परिवार ने कभी संविधान या इसके रचयिता का सम्मान नहीं किया।’’

पासवान ने यह भी दावा किया कि राहुल गांधी की पार्टी ने बाबा साहेब अंबेडकर को चुनाव में हराने की साजिश रची थी। उन्होंने कहा, ‘‘मेरे दिवंगत पिता रामविलास पासवान ने 1989 में वी.पी. सिंह सरकार को संसद भवन में अंबेडकर की प्रतिमा स्थापित करने के लिए राजी किया था। उस समय तक सत्ता में रही कांग्रेस ने इस दिशा में कोई परवाह नहीं की थी।’’
केंद्रीय मंत्री से उन अटकलों के बारे में भी पूछा गया कि नरेन्द्र मोदी सरकार विवादास्पद परिसीमन विधेयक को पारित कराने के लिए संसद का विशेष सत्र बुलाने की योजना बना रही है। इस विधेयक के जरिये पहले पारित महिला आरक्षण कानून को भी लागू किया जा सकता है।
इस पर उन्होंने कहा, ‘‘इस विधेयक का उद्देश्य लोकसभा में महिलाओं की संख्या कुल सदस्यों की एक-तिहाई तक पहुंचाना है, वह भी उन सीटों को प्रभावित किए बिना जहां से पुरुष निर्वाचित होते हैं। इसलिए परिसीमन विधेयक में सभी राज्यों के सांसदों की संख्या बढ़ाने का भी प्रस्ताव है, ताकि जिन राज्यों में जनसंख्या वृद्धि कम हुई है, उन्हें किसी तरह का नुकसान न हो।’’
हाजीपुर के सांसद ने कहा, ‘‘मैं स्पष्ट रूप से बताना चाहता हूं कि इस प्रस्ताव पर कांग्रेस के कई सांसदों को कोई आपत्ति नहीं है। उन्होंने कई अनौपचारिक बातचीत में ऐसा कहा भी है। लेकिन उनका नेतृत्व तर्कसंगत बातों को स्वीकार करने को तैयार नहीं है।’’ उन्होंने आरोप लगाया कि इसी वजह से विपक्षी दल संसद में बहस से बचते हैं, लेकिन कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के आवास पर मॉक संसद आयोजित करते हैं।पासवान हाल में आयोजित उस कार्यक्रम का जिक्र कर रहे थे, जिसमें मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने (महाभियोग) की मांग उठाई गई थी।


