लोहरदगा : झारखंड के नागपुरी संगीत जगत से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। लोहरदगा जिले के हीरही निवासी प्रसिद्ध नागपुरी गायक बसीर अंसारी का आकस्मिक निधन हो गया। उनके निधन की खबर से न केवल लोहरदगा, बल्कि पूरे झारखंड के नागपुरी संगीत जगत में शोक की लहर दौड़ गई है।

बसीर अंसारी को अचानक हार्ट अटैक आया। उनकी तबीयत बिगड़ते ही परिजनों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए अस्पताल ले जाने की कोशिश की, लेकिन दुर्भाग्यवश अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में उन्होंने दम तोड़ दिया। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बसीर अंसारी के आकस्मिक निधन की खबर मिलते ही उनके प्रशंसकों, साथी कलाकारों और संगीत प्रेमियों में गहरा दुख व्याप्त है। सोशल मीडिया पर लोग उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित कर रहे हैं और उनके साथ बिताए पलों को याद कर रहे हैं। नागपुरी संगीत जगत के लिए उनका निधन एक अपूरणीय क्षति माना जा रहा है। उनकी आवाज और संगीत के प्रति समर्पण लंबे समय तक लोगों की यादों में जीवित रहेगा।



