खूंटी डबल मर्डर का खुलासा: तजना नदी पुल के पास मिले युवक-युवती हत्याकांड में 6 गिरफ्तार, हथियार और वाहन बरामद

खूंटी के तजना नदी पुल के पास युवक-युवती हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा किया। एसआईटी की कार्रवाई में छह आरोपी गिरफ्तार हुए और हत्या में प्रयुक्त वाहन व हथियार बरामद किए गए।

2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

खूंटी:  खूंटी थाना क्षेत्र के घाघरा गांव स्थित तजना नदी पुल के पास मिले युवक और युवती के शव मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। 10 जुलाई को हुए इस दोहरे हत्याकांड की गुत्थी सुलझाते हुए पुलिस ने छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से हत्या में इस्तेमाल की गई स्कॉर्पियो, मोटरसाइकिल, लोहे की रॉड, मोबाइल फोन समेत कई अहम साक्ष्य बरामद किए हैं।

एसआईटी ने तकनीकी जांच के आधार पर की कार्रवाई

मामले की जांच के लिए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया था। टीम ने वैज्ञानिक और तकनीकी अनुसंधान के आधार पर कार्रवाई शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने सबसे पहले कुंदन प्रमाणिक उर्फ संजीत को गिरफ्तार किया। पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर अन्य आरोपियों तक पहुंच बनाई गई और उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के अनुसार, सभी आरोपियों ने पूछताछ में हत्या में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।

गिरफ्तार आरोपियों में छह लोग शामिल

पुलिस ने जिन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, उनमें कुंदन प्रमाणिक उर्फ संजीत, जितेंद्र सिंह उर्फ जयरा, रितेश चीक बड़ाईक, मदन ठाकुर उर्फ मदन प्रमाणिक, सती देवी और विजय रंजन शर्मा शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के पास से कई महत्वपूर्ण सामान बरामद किए हैं। इनमें हत्या में प्रयुक्त स्कॉर्पियो (JH-15AA-5556), मोटरसाइकिल (JH-02AY-7875), दो लोहे की रॉड, तीन मोबाइल फोन, मृतक की सैंडल, आरोपी की चप्पल और जलाए गए कपड़ों के अवशेष शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक, इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।

पुलिस टीम की अहम भूमिका

इस पूरे अभियान में एसडीपीओ मंगल सिंह जामुदा, थाना प्रभारी अशोक कुमार सिंह सहित खूंटी थाना और तकनीकी शाखा की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अब मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।