
झारखंड: झारखंड सहित देश भर में बकरीद का त्योहार 28 मई को मनाया जाएगा। पर्व के मद्देनजर जिले में विधि-व्यवस्था संधारण एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से कोडरमा एसपी कुमार शिवाशीष ने गुरुवार को कोडरमा थाना क्षेत्र के जलवाबाद, पाण्डेयडीह, छतरबर एवं तिलैया थाना क्षेत्र के करमा, गोमो, भादोडीह व अन्य क्षेत्रों के संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील स्थलों का निरीक्षण किया।
थाना प्रभारियों को दिए गए आवश्यक दिशा-निर्देश
निरीक्षण के दौरान संबंधित थाना प्रभारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। एसपी ने बकरीद पर्व तक अन्य थाना क्षेत्रों में भ्रमण करने की बात कही।
भीड़ वाले इलाकों का लिया गया जायजा
निरीक्षण के दौरान धार्मिक स्थलों, भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों, बाजारों एवं प्रमुख चौक-चौराहों का जायजा लिया गया। साथ ही संबंधित पदाधिकारियों को नियमित गश्ती, पेट्रोलिंग एवं सतत निगरानी रखने का निर्देश दिया ताकि पर्व शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सके।
एसपी ने आम नागरिकों से अपील की कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि अथवा अफवाह की सूचना तुरंत स्थानीय थाना अथवा पुलिस कंट्रोल रूम को दें. जिला पुलिस बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध एवं सतर्क है।

