
कोडरमा: कोडरमा थाना क्षेत्र के चितरपुर गांव में जमीन विवाद ने बुधवार देर रात खूनी मोड़ ले लिया। इस हिंसक घटना में कोडरमा विधायक डॉ. नीरा यादव के निजी वाहन चालक राजकुमार यादव की हत्या कर दी गई। वहीं उनकी बेटी सोनिका कुमारी, मां सुधा देवी और पिता दशरथ यादव गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों का इलाज कोडरमा सदर अस्पताल में चल रहा है। घटना की खबर मिलते ही विधायक डॉ. नीरा यादव देर रात चितरपुर गांव पहुंचीं और पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उनका हाल जाना। इस दौरान उन्होंने घटना पर दुख जताते हुए पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठाए। विधायक का कहना है कि जमीन विवाद को लेकर पहले से तनाव की स्थिति बनी हुई थी। इसकी जानकारी पुलिस को भी दी गई थी, लेकिन समय पर प्रभावी कार्रवाई नहीं होने के कारण मामला हत्या तक पहुंच गया।
जानकारी के मुताबिक, बुधवार दिन में जमीन को लेकर हुए विवाद के दौरान मृतक की मां के साथ कथित तौर पर मारपीट और दुर्व्यवहार किया गया था। डॉ. नीरा यादव ने बताया कि उन्होंने खुद इस मामले की जानकारी कोडरमा थाना प्रभारी विकास पासवान को फोन पर दी थी। इसके बावजूद कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। आरोप है कि देर रात राजकुमार यादव पर पीछे से हमला किया गया, जिसमें उनकी जान चली गई।
चालक की मौत से भावुक हुईं विधायक
झारखंड सरकार में पूर्व मंत्री रह चुकीं नीरा यादव अपने चालक का शव देखकर भावुक हो गईं और फूट-फूटकर रो पड़ीं। इस दौरान उन्होंने पुलिस अधिकारियों के प्रति नाराजगी जताते हुए कहा कि शिकायत के बावजूद कार्रवाई नहीं की गई, जिसका परिणाम एक परिवार को भुगतना पड़ा। अपने चालक की मौत से आहत विधायक डॉ. नीरा यादव ने कहा कि राजकुमार यादव केवल उनके वाहन चालक नहीं थे, बल्कि परिवार के सदस्य की तरह थे। उन्होंने कहा कि यदि पुलिस ने शिकायत को गंभीरता से लिया होता, तो आज एक परिवार अपने सदस्य को नहीं खोता।
सड़क जाम कर ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन
घटना के बाद गांव और आसपास के इलाकों में तनाव का माहौल बना हुआ है। गुरुवार को आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने राजकुमार यादव के शव के साथ कोडरमा थाना के सामने रांची-पटना मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की। इधर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि मामले के हर पहलू की जांच की जा रही है। आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी चल रही है। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है।

