रांची: रांची नगर निगम की टीम शनिवार को वार्ड 16 स्थित पथलकुदवा रोड, गुदरी चौक के समीप अपनी लगभग 19.3 डिसमिल सरकारी जमीन को अवैध कब्जे से मुक्त कराने पहुंची। निगम की इस जमीन पर पूर्व में अवैध रूप से बूचड़खाने का संचालन किया जा रहा था, जिसे पूरी तरह से हटाकर जमीन को कब्जा मुक्त कराने का प्रयास किया गया।
निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इस जमीन का उपयोग स्थानीय लोगों की सुविधा के लिए सामुदायिक भवन और अर्बन आयुष्मान आरोग्य मंदिर (हेल्थ सेंटर) के निर्माण में किया जाएगा। इन दोनों परियोजनाओं के शुरू होने से क्षेत्रवासियों को सामुदायिक कार्यक्रमों के आयोजन के साथ-साथ प्राथमिक स्वास्थ्य सुविधाएं भी अपने ही इलाके में मिल सकेंगी।
हालांकि अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान कुछ असमाजिक तत्वों और निजी स्वार्थ में लिप्त लोगों द्वारा स्थानीय नागरिकों को भ्रमित कर सरकारी काम में बाधा डालने और विरोध करने का प्रयास किया गया।
मौके पर कानून-व्यवस्था और शांति बनाए रखने के उद्देश्य से निगम प्रशासन ने कार्रवाई को अगले आदेश तक स्थगित कर दिया है। नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि स्थिति सामान्य होते ही नियमानुसार आगे की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
निगम ने लोगों से अपील की है कि यह जमीन पूर्णतः सार्वजनिक संपत्ति है और इसका उपयोग किसी निजी या व्यावसायिक काम के लिए नहीं किया जा सकता। नागरिक किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें और जनहित के इस विकास कार्य में सहयोग करें।


