बॉलीवुड अभिनेत्री कृति खरबंदा ने हाल ही में सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव और इसके मानसिक स्वास्थ्य पर पड़ने वाले असर को लेकर अपनी राय साझा की है। उन्होंने कहा कि आज के समय में इंस्टाग्राम और फेसबुक जैसे प्लेटफॉर्म लोगों की जिंदगी का अहम हिस्सा बन चुके हैं, लेकिन यही प्लेटफॉर्म कई बार मानसिक थकान का कारण भी बनते हैं।

‘लोग काम से नहीं, सोशल मीडिया से थक रहे हैं’
कृति खरबंदा ने एक पोस्ट के जरिए बताया कि हाल ही में उनकी मुलाकात कुछ ऐसे लोगों से हुई जो मानसिक रूप से काफी थके हुए नजर आए। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस थकान की वजह काम का दबाव नहीं था, बल्कि लगातार सोशल मीडिया पर सक्रिय रहने और खुद को साबित करने की चिंता थी। अभिनेत्री के अनुसार, आज लोग घंटों फोन पर समय बिताते हैं और हर समय ऑनलाइन रहने का दबाव उन्हें अंदर से कमजोर कर रहा है। कृति ने इस प्रवृत्ति को गंभीर चिंता का विषय बताया और डिजिटल डिटॉक्स की जरूरत पर भी जोर दिया।


