

कोलकाता : ममता बनर्जी की तृणमूल कांग्रेस में चल रही बगावत रविवार को चरम पर पहुंच गई। पार्टी के 20 बागी सांसदों ने त्रिपुरा की नेशनलिस्ट सिटीजन्स पार्टी में अपने विलय की घोषणा कर दी और लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से मुलाकात कर सदन में अपने लिए अलग बैठने की व्यवस्था की मांग की। इससे पहले, टीएमसी नेता कीर्ति आजाद तथा सागरिका घोष ने भी लोकसभा अध्यक्ष से मुलाकात की और उन्हें संसदीय दल के नेता अभिषेक बनर्जी का पत्र सौंपा। इसमें कहा गया कि बागी गुट को मान्यता न दी जाये।




बागी खेमे की सांसद काकोली घोष दस्तीदार ने बिरला से मुलाकात के बाद कहा कि टीएमसी के दो-तिहाई लोकसभा सदस्यों ने एक अलग समूह के रूप में मान्यता देने के लिए लोकसभा अध्यक्ष को पत्र सौंपा है। उन्होंने कहा, ‘राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) का समर्थन करेंगे।’ टीएमसी के वरिष्ठ नेता और लोकसभा सदस्य सुदीप बंदोपाध्याय ने कहा कि वे पार्टी के चुनाव चिह्न ‘दो फूल’ (जोड़ा फूल) पर भी दावा ठोकेंगे।

