हजारीबाग के चरही घाटी में कोल्ड ड्रिंक से लदा ट्रक पलटा, लूटने की मची होड़, केबिन में फंसा चालक

हजारीबाग की चरही घाटी में कोल्ड ड्रिंक से लदा ट्रक पलटने से बड़ा हादसा हुआ, चालक केबिन में फंस गया और डेढ़ घंटे के रेस्क्यू के बाद सुरक्षित निकाला गया।

2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

 हजारीबाग : हजारीबाग जिले की चरही घाटी में रविवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। कोल्ड ड्रिंक से लदा एक हाईवा ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। हादसे में वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि चालक महेंद्र कुमार पाल केबिन में फंसकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते बड़ी संख्या में स्थानीय लोग वहां जमा हो गए। सूचना मिलते ही चरही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।

केबिन में फंसा रहा चालक, काटनी पड़ी गाड़ी

बताया गया कि हादसे के दौरान चालक का पैर ट्रक के लोहे के हिस्सों में बुरी तरह फंस गया था, जिससे उसे बाहर निकालना बेहद मुश्किल हो गया। काफी देर तक कोशिश की गई, लेकिन सफलता नहीं मिलने पर कटर मशीन मंगानी पड़ी। इसके बाद वाहन के क्षतिग्रस्त हिस्सों को काटकर करीब डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद चालक को सुरक्षित बाहर निकाला जा सका। घायल चालक को तुरंत प्राथमिक उपचार दिया गया। बेहतर इलाज के लिए शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल, हजारीबाग रेफर कर दिया गया।

सड़क पर बिखरी कोल्ड ड्रिंक तो लोगों में मची लूटने की होड़

हादसे के दौरान ट्रक में लदी कोल्ड ड्रिंक की बोतलें सड़क पर बिखर गईं। इसके बाद वहां मौजूद लोगों में बोतलें उठाने की होड़ मच गई और कुछ देर के लिए स्थिति अनियंत्रित हो गई। इस हादसे के चलते चरही घाटी मार्ग पर यातायात भी बाधित रहा, जिससे वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।