लातेहार : महुआडांड़ प्रखंड की अम्बाटोली पंचायत में सरकारी सिंचाई नहर जाम होने से किसानों के सामने गंभीर सिंचाई संकट उत्पन्न हो गया है। नहर में गाद और झाड़-झंखाड़ भर जाने के कारण पानी खेतों तक नहीं पहुंच पा रहा है, जिससे धान समेत अन्य फसलों की खेती प्रभावित हो रही है।स्थानीय किसान कृष्णा प्रसाद, बिना नागेसिया, मोहन नागेसिया एवं गोबरा नागेसिया ने बताया कि खेती के इस महत्वपूर्ण समय में सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी नहीं मिलने से किसानों की चिंता बढ़ गई है। उन्होंने कहा कि नहर की सफाई लंबे समय से नहीं हुई है, जिसके कारण पानी का प्रवाह पूरी तरह बाधित हो गया है।किसानों का कहना है कि यदि जल्द ही नहर की सफाई नहीं कराई गई तो फसलों को भारी नुकसान होगा और क्षेत्र में अकाल जैसी स्थिति उत्पन्न हो सकती है। खेती पर निर्भर सैकड़ों परिवारों के सामने आर्थिक संकट भी खड़ा हो सकता है।ग्रामीणों एवं किसानों ने लातेहार उपायुक्त से अविलंब हस्तक्षेप कर जाम पड़ी सरकारी नहर की सफाई कराने तथा किसानों के लिए सुचारू सिंचाई व्यवस्था बहाल करने की मांग की है। किसानों को उम्मीद है कि प्रशासन शीघ्र कार्रवाई कर उनकी समस्या का समाधान करेगा।


