झारखंड में फिर सक्रिय हुआ मॉनसून! 3 दिन भारी बारिश का अलर्ट, इन जिलों में गरज-चमक और वज्रपात का खतरा

झारखंड में मानसून फिर सक्रिय, 25 से 27 जुलाई तक कई जिलों में भारी बारिश, तेज हवाएं, वज्रपात और गरज-चमक का अलर्ट, लोगों को सतर्क रहने की सलाह।

3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची : झारखंड में मानसून एक बार फिर जोर पकड़ने वाला है। मौसम विभाग ने 25 जुलाई से राज्यभर में बारिश की गतिविधियां तेज होने की संभावना जताई है। अगले तीन दिनों तक कई जिलों में भारी बारिश हो सकती है। इसके साथ तेज हवाएं, गरज-चमक और वज्रपात की भी चेतावनी जारी की गई है। ऐसे में लोगों से सावधानी बरतने और मौसम विभाग की सलाह का पालन करने की अपील की गई है। पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। सबसे ज्यादा 52 मिमी वर्षा कोडरमा में रिकॉर्ड की गई। वहीं सिमडेगा के कुरडेग में 26 मिमी, जबकि बालूमाथ और जमशेदपुर में 25-25 मिमी बारिश हुई। राजधानी रांची में भी दिनभर रुक-रुक कर हल्की बारिश का दौर जारी रहा।

25 से 27 जुलाई तक इन जिलों में भारी बारिश की संभावना

मौसम विभाग के अनुसार 25 से 27 जुलाई के बीच राज्य के अलग-अलग हिस्सों में भारी बारिश हो सकती है। 25 जुलाई को लोहरदगा, रांची, गुमला, सरायकेला-खरसावां, पूर्वी सिंहभूम और सिमडेगा में भारी वर्षा की संभावना जताई गई है। 26 जुलाई को हजारीबाग, रांची, बोकारो, धनबाद, जामताड़ा, देवघर, गिरिडीह और कोडरमा में तेज बारिश होने का अनुमान है। 27 जुलाई को चतरा, लातेहार, लोहरदगा, गुमला, खूंटी, रांची और रामगढ़ में भारी बारिश की संभावना है। इसके अलावा आज राज्य के अधिकांश जिलों में आसमान बादलों से ढका रहेगा। कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश के साथ तेज बौछारें पड़ सकती हैं।

तेज हवाओं, गरज-चमक और वज्रपात को लेकर अलर्ट

मौसम विभाग ने बताया है कि आज कई जिलों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इसके साथ गरज-चमक और वज्रपात की भी आशंका बनी हुई है। रांची, जमशेदपुर, बोकारो, खूंटी, पश्चिमी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां समेत कई जिलों के लिए यलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले मैदान, पेड़ों के नीचे और बिजली के खंभों के पास खड़े होने से बचने की सलाह दी है। साथ ही आवश्यक होने पर ही घर से बाहर निकलने की अपील की गई है।

बारिश से तापमान में गिरावट

लगातार हो रही बारिश और बादलों की वजह से राज्य के अधिकांश हिस्सों में तापमान सामान्य से नीचे रहने की संभावना है। राजधानी रांची में अधिकतम तापमान 29 से 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 22 से 23 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। इससे लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिल सकती है। वहीं जमशेदपुर और बोकारो में भी मौसम सुहावना बना रहेगा। हालांकि पलामू, गढ़वा और चतरा जैसे उत्तर-पश्चिमी जिलों में बारिश की गतिविधियां अपेक्षाकृत कम रहने के कारण अधिकतम तापमान 33 से 35 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।