
Special Intensive Revision 2026 : भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार रांची जिले में चलाए जा रहे विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 के तहत मतदाता सूची के अद्यतनीकरण का कार्य काफी तेजी से आगे बढ़ रहा है। 25 जुलाई 2026 की रात्रि 8 बजे तक जारी आंकड़ों के अनुसार जिले के सभी सात विधानसभा क्षेत्रों में इन्यूमरेशन फॉर्म के वितरण, डिजिटाइजेशन और BLO वेरिफिकेशन का कार्य मिशन मोड में किया जा रहा है।
रांची जिले में कुल 26,74,681 मतदाताओं में से 26,73,250 यानी लगभग 99.95 प्रतिशत लोगों के बीच फॉर्म का वितरण पूरा कर लिया गया है। डेटा प्रविष्टि के मामले में भी काफी प्रगति हुई है, जहां 23,18,639 फॉर्म (86.69%) का डिजिटाइजेशन और 18,59,840 फॉर्म (80.21%) का बीएलओ द्वारा सत्यापन पूर्ण हो चुका है। इसके अलावा, डिजिटल माध्यम अपनाते हुए जिले के 32,097 नागरिकों ने अपना फॉर्म ऑनलाइन भी जमा किया है।
विधानसभावार प्रगति पर नजर डालें तो तमाड़ (99.99%) और सिल्ली (99.99%) वितरण के मामले में सबसे आगे हैं। इसके साथ ही सिल्ली में 90.66% डिजिटाइजेशन और तमाड़ में 91.38% वेरिफिकेशन पूरा हो गया है। खिजरी में 85.88% डिजिटाइजेशन और 84.65% वेरिफिकेशन, जबकि रांची विधानसभा क्षेत्र में 92.49% डिजिटाइजेशन और 62.04% वेरिफिकेशन हुआ है। रांची क्षेत्र से 8,671 ऑनलाइन फॉर्म प्राप्त हुए हैं।
सबसे अधिक मतदाताओं वाले हटिया विधानसभा क्षेत्र में 81.47% डिजिटाइजेशन व 75.17% वेरिफिकेशन पूरा हुआ है, वहीं सर्वाधिक 10,235 लोगों ने यहां ऑनलाइन फॉर्म जमा किया है। कांके में 83.65% डिजिटाइजेशन व 79.62% वेरिफिकेशन के साथ 8,051 ऑनलाइन फॉर्म प्राप्त हुए हैं। मांडर विधानसभा क्षेत्र में भी 89.46% फॉर्म का डिजिटाइजेशन और 90.00% फॉर्म का सत्यापन संपन्न कर लिया गया है।
कार्य की समीक्षा करते हुए जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने शेष बचे सभी मतदाताओं से अपील की है कि वे समय गंवाए बिना अपना फॉर्म भरकर BLO को सौंपें या ऑनलाइन माध्यम से जमा करें। उन्होंने ERO, AERO और BLO को निर्देश दिए हैं कि बचे हुए कार्यों को तय समय-सीमा के भीतर गुणवत्ता और सटीकता के साथ पूरा करें, ताकि पुनरीक्षण का यह विशेष अभियान सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।

