MGM के दो जूनियर डॉक्टरों की मौत पर उठे सवाल, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका; निष्पक्ष जांच की मांग

डिमना लेक के पास दो जूनियर डॉक्टरों की मौत के बाद परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। बोड़ाम थाना में आवेदन देकर निष्पक्ष और वैज्ञानिक जांच की मांग की।

Razi Ahmad
3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Jamshedpur News : डिमना लेक के पास तालाब में MGM मेडिकल कॉलेज के दो जूनियर डॉक्टरों डॉ. सक्षम सिंह और डॉ. समीर लाल की मौत का मामला अब नया मोड़ लेता नजर आ रहा है। दोनों डॉक्टरों के परिजनों ने घटना को महज हादसा मानने से इनकार करते हुए हत्या की आशंका जताई है। इस संबंध में उन्होंने बोड़ाम थाना में लिखित आवेदन देकर निष्पक्ष और सभी पहलुओं से जांच कराने की मांग की है।

मृतक डॉ. सक्षम सिंह के पिता सत्येंद्र कुमार सिंह ने पुलिस को दिए आवेदन में कहा है कि घटना के एकमात्र प्रत्यक्षदर्शी बताए जा रहे डॉ. यश के बयान में विरोधाभास दिखाई दे रहा है। परिजनों का दावा है कि पहले बताया गया था कि मोबाइल तालाब में गिरने के कारण दोनों डॉक्टर पानी में उतरे थे, लेकिन बाद में डॉ. सक्षम का मोबाइल उनके शव की जेब से बरामद हुआ। इसी आधार पर परिवार ने पूरे घटनाक्रम पर सवाल उठाए हैं।

परिजनों ने यह भी आरोप लगाया है कि डॉ. यश और दोनों मृतक डॉक्टरों के बीच पहले विवाद होने की बात सामने आई थी। हालांकि, इस संबंध में फिलहाल पुलिस की ओर से किसी प्रकार की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। परिवार का कहना है कि इसी वजह से वे हर पहलू की निष्पक्ष जांच चाहते हैं।

अपने आवेदन में परिजनों ने पुलिस से कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR), मोबाइल लोकेशन, आपसी बातचीत, घटनास्थल के इलेक्ट्रॉनिक और भौतिक साक्ष्य, सीसीटीवी फुटेज, पोस्टमार्टम रिपोर्ट, विसरा जांच और एफएसएल रिपोर्ट की गहन जांच कराने की मांग की है। उनका कहना है कि उद्देश्य किसी निर्दोष को फंसाना नहीं, बल्कि मौत की वास्तविक वजह सामने लाना है।

गौरतलब है कि शुक्रवार तड़के डिमना लेक क्षेत्र के एक तालाब में दोनों जूनियर डॉक्टरों की डूबने से मौत हो गई थी। शुरुआती जानकारी के अनुसार, वे अपने साथी डॉ. यश के साथ वहां गए थे। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और डॉ. यश से भी पूछताछ की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना के कारणों पर स्पष्ट रूप से कुछ कहा जा सकेगा।

Share This Article
रजी अहमद एक उभरते हुए कंटेंट राइटर हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग दो वर्षों का अनुभव है। उन्होंने न्यूज़ अरोमा में काम करते हुए विभिन्न विषयों पर लेखन किया और अपनी लेखन शैली को मजबूत बनाया। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कंटेंट राइटिंग, न्यूज़ लेखन और मीडिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं में अच्छा अनुभव हासिल किया। वह लगातार सीखते हुए अपने करियर को आगे बढ़ा रहे हैं।