
लातेहार: महुआडांड़ प्रखंड के दुरूप पंचायत अंतर्गत दम्हा टोला से जेठवा बृज्या के घर तक जाने वाली कच्ची सड़क इन दिनों ग्रामीणों के लिए बड़ी परेशानी का कारण बन गई है। बरसात शुरू होते ही सड़क पूरी तरह कीचड़ और गहरे गड्ढों से भर गई है, जिससे इस रास्ते पर सफर करना बेहद जोखिम भरा हो गया है। इस मार्ग से रोजाना आने-जाने वाले बाइक और सवारी वाहन चालकों का कहना है कि फिसलन इतनी ज्यादा है कि वाहन पर नियंत्रण बनाए रखना मुश्किल हो जाता है। हल्की सी चूक भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है और कई बार वाहन अचानक फिसलकर पलट जाते हैं।
ग्रामीणों के अनुसार पिछले एक महीने के दौरान इस सड़क पर कई बाइक चालक गिरकर घायल हो चुके हैं। हालात ऐसे हैं कि स्कूली बच्चे और गर्भवती महिलाएं भी इस रास्ते से गुजरने में डर महसूस करती हैं। सड़क की बदहाल स्थिति से नाराज ग्रामीण जब्बार अंसारी, लाल चंद बृज्या, अरविंद बृज्या, कुलदीप मुंडा, जमुना मुंडा और नंदेश्वर यादव समेत दर्जनों लोगों ने जिला प्रशासन से जल्द सड़क निर्माण कराने की मांग की है।
ग्रामीणों का कहना है कि यह रास्ता सैकड़ों परिवारों के लिए मुख्य संपर्क मार्ग है। बरसात के दिनों में किसी मरीज को अस्पताल तक पहुंचाना भी बेहद मुश्किल हो जाता है, जिससे लोगों की चिंता और बढ़ गई है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि दम्हा टोला से जेठवा बृज्या के घर तक पीसीसी सड़क का निर्माण जल्द कराया जाए, ताकि लोगों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।

