लॉरेंस बिश्नोई के सहयोगी को कनाडा से निर्वासित किया गया, पंजाब पुलिस ने गिरफ़्तार किया

Archana Ekka
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

चंडीगढ़ : जेल में बंद गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के करीबी सहयोगी करमवीर सिंह को कनाडा से निर्वासित किए जाने के बाद दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय (आईजीआई) हवाई अड्डे पर पंजाब पुलिस ने मंगलवार को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी। पंजाब पुलिस के ‘एंटी-गैंगस्टर टास्क फोर्स’ (एजीटीएफ) द्वारा करमवीर सिंह की गिरफ्तारी को अंतरराष्ट्रीय संगठित अपराध के खिलाफ बड़ी सफलता के रूप में देखा जा रहा है।

पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘करमवीर सिंह ने अमेरिका में अनमोल बिश्नोई को रसद संबंधी मदद और छिपने के लिए ठिकाना उपलब्ध कराया था। वह राज्य अपराध पुलिस थाना, एसएएस नगर में दर्ज प्राथमिकी में भारतीय दंड संहिता (आईपीसी), शस्त्र अधिनियम और पासपोर्ट अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत वांछित था। पंजाब एजीटीएफ ने तीन सितंबर 2026 को उसके खिलाफ ‘लुक आउट सर्कुलर’ (एलओसी) जारी किया था।’’ अनमोल बिश्नोई, लॉरेंस बिश्नोई का छोटा भाई है।

डीजीपी ने बताया कि करमवीर सिंह का आपराधिक इतिहास रहा है और उसके खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, लूट, रंगदारी, शस्त्र अधिनियम के तहत अपराध तथा अन्य आपराधिक गतिविधियों से जुड़े मामले दर्ज हैं। उन्होंने कहा कि उसके व्यापक आपराधिक नेटवर्क और गतिविधियों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है। कई चर्चित मामलों में वांछित अनमोल बिश्नोई को नवंबर 2025 में अमेरिका से निर्वासन के बाद राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) ने अपराधियों के गिरोह और आतंकवादी संगठनों के बीच कथित गठजोड़ से जुड़े एक मामले में गिरफ्तार किया था।

नवंबर 2025 में गिरफ्तारी से पहले 2022 से फरार अनमोल बिश्नोई कई अन्य गंभीर अपराधों के मामलों में भी वांछित था। इनमें अक्टूबर 2024 में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के नेता और महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री बाबा सिद्दीकी की हत्या, अप्रैल 2024 में अभिनेता सलमान खान के आवास के बाहर गोली चलाना और 2022 में पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला की हत्या शामिल है।

Share This Article
अर्चना एक्का को पत्रकारिता का दो वर्ष का अनुभव है। उन्होंने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत इंटर्नशिप से की। इस दौरान उन्होंने झारखंड उजाला, सनमार्ग और इम्पैक्ट नेक्सस जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया। इन संस्थानों में उन्होंने रिपोर्टर, एंकर और कंटेंट राइटर के रूप में कार्य करते हुए न्यूज़ रिपोर्टिंग, एंकरिंग और कंटेंट लेखन का अनुभव प्राप्त किया। पत्रकारिता के क्षेत्र में वह सक्रिय रूप से काम करते हुए अपने अनुभव को लगातार आगे बढ़ा रही हैं।