मध्य प्रदेश में नहीं होगा लॉकडाउन: शिवराज सिंह

News Aroma Media
3 Min Read
#image_title
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

भोपाल: मध्य प्रदेश में बीते दो दिनों से कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शुक्रवार को उच्च स्तरीय बैठक की। इसे लेकर मीडिया में अटकलें लगनी शुरू हो गईं कि प्रदेश में लॉकडाउन लग सकता है।

सोशल मीडिया के साथ ही कई वेबसाइट्स में इस तरह की खबरें प्रसारित भी कर दीं लेकिन मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इन खबरों का खंडन किया है। उन्होंने कहा है कि प्रदेश में लॉकडाउन नहीं किया जाएगा।

उल्लेखनीय है कि भोपाल, इंदौर, रतलाम समेत प्रदेश के कई शहरों में दीपावली के बाद अचानक कोरोना के मरीजों की संख्या बढ़ गई है।

इसी को देखते हुए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शुक्रवार को आला अधिकारियों की बैठक बुलाकर हालात का जायजा लिया। इस बीच मीडिया में खबरें चलाई जाने लगीं कि कोरोना के बढ़त मामलों को देखते हुए मध्य प्रदेश में लॉकडाउन लग सकता है। मुख्यमंत्री उच्च स्तरीय बैठक में इसका निर्णय ले सकते हैं।

लेकिन शुक्रवार की शाम मुख्यमंत्री कार्यालय ने ट्वीट के माध्यम से लॉकडाउन की खबरों का खंडन किया है।

बताया गया है कि कतिपय सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का कर्फ्यू लगाने संबंधी बयान वायरल हो रहा है, जो वर्तमान परिप्रेक्ष्य में पूर्ण रूप से अप्रासंगिक है।

इससे पहले प्रदेश के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने ट्वीट किया था कि राज्य में कोविड-19 के बढ़ते मामले चिंता का विषय है। इस समय हर नागरिक को सावधान रहने की जरूरत है।

सरकार ने सावधानी और सुरक्षा के लिहाज से सारे विकल्प खुले रखे हैं। इस संबंध में गृह विभाग सभी जरूरी निर्णय आज शाम तक लेगा।

मध्य प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर से खबर है कि कोरोना रोकथाम के मद्देनजर शुक्रवार से नगर निगम मास्क नहीं पहनने वालों पर फिर कार्रवाई शुरू हो गई है। मास्क नहीं पहनने वालों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की जा रही है। निगमायुक्त प्रतिभा पाल ने इस संबंध में आदेश जारी किए हैं। अपर आयुक्त देवेंद्र सिंह को आदेश का पालन सुनिश्चित कराने को कहा गया है।

Share This Article