खेत में किसानों के साथ उतरीं मांडू की बीडीओ रीना कुजूर, रोपा कर बढ़ाया हौसला

मांडू में बीडीओ रीना कुजूर और कृषि पदाधिकारी विनीता सिंह ने खेत में उतरकर किसानों के साथ धान रोपनी की और खेती, फसल बीमा व सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक किया।

2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

मांडू : प्रखंड में धान रोपनी का कार्य जोर-शोर से चल रहा है। इसी क्रम में बीडीओ रीना कुजूर और प्रभारी प्रखंड कृषि पदाधिकारी विनीता सिंह ने क्षेत्र भ्रमण के दौरान किसानों के बीच पहुंचकर खेत में उतरकर उनका उत्साहवर्धन किया। अधिकारियों को अपने बीच खेत में काम करते देख किसान भी उत्साहित नजर आए। बीडीओ रीना कुजूर ने किसानों एवं महिला कृषकों के साथ खेत में धान की रोपनी कर श्रम का सम्मान करते हुए उन्हें खेती के प्रति प्रेरित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि उनकी परवरिश भी ग्रामीण परिवेश में हुई है। बचपन में वे अपने परिवार के साथ खेतों में रोपनी और अन्य कृषि कार्यों में हाथ बंटाया करती थीं। गांव, खेत और हरियाली से उनका विशेष लगाव रहा है। उन्होंने कहा कि किसानों की मेहनत ही देश की समृद्धि की आधारशिला है और प्रशासन हर परिस्थिति में किसानों के साथ खड़ा है।

प्रभारी प्रखंड कृषि पदाधिकारी विनीता सिंह ने किसानों से अपील करते हुए कहा कि मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार आगामी तीन-चार दिनों तक अच्छी वर्षा होने की संभावना है। ऐसे में सभी किसान इस अवसर का भरपूर लाभ उठाते हुए समय पर धान की रोपनी का कार्य पूरा कर लें, ताकि बेहतर उत्पादन प्राप्त हो सके। उन्होंने किसानों को फसल सुरक्षा के प्रति भी जागरूक करते हुए कहा कि सभी कृषक प्रज्ञा केंद्र के माध्यम से अपनी फसलों का बीमा अवश्य कराएं। फसल बीमा प्राकृतिक आपदा एवं प्रतिकूल मौसम की स्थिति में किसानों को आर्थिक सुरक्षा प्रदान करता है तथा सरकार द्वारा निर्धारित सहायता का लाभ भी सुनिश्चित करता है। क्षेत्र भ्रमण के दौरान अधिकारियों ने किसानों से खेती से जुड़ी समस्याओं की जानकारी भी ली तथा उन्हें कृषि विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए अधिक से अधिक लाभ लेने के लिए प्रेरित किया। खेत में अधिकारियों की सक्रिय भागीदारी और किसानों से आत्मीय संवाद ने ग्रामीणों का मनोबल बढ़ाया। किसानों ने भी प्रशासन की इस पहल की सराहना करते हुए इसे प्रेरणादायी बताया।

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।