रांची: झारखंड में जल्द ही जेपीएससी और जेएसएससी के जरिए कुल 2,606 पदों पर भर्ती के नए विज्ञापन निकाले जाएंगे। विधानसभा के मानसून सत्र में राज्य सरकार द्वारा पेश किए गए कृत कार्रवाई प्रतिवेदन (ATR) में यह जानकारी दी गई है। राज्य में प्रतियोगी परीक्षाओं में अनियमितताओं को लेकर जारी छात्र आंदोलनों के बीच सरकार ने यह ब्यौरा सदन के पटल पर रखा। जिसमें बताया गया कि झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) द्वारा 847 पदों पर और झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) द्वारा 1,759 पदों पर नियुक्ति के लिए जल्द ही विज्ञापन प्रकाशित किए जाएंगे। हालांकि, प्रतिवेदन में यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि ये नियुक्तियां किन-किन विभागों में होंगी।
एटीआर के अनुसार जेपीएससी द्वारा वर्ष 2020 से अब तक 3,377 पदों पर नियुक्ति की अनुशंसा की जा चुकी है, जिनमें से 798 पदों का विज्ञापन पहले जारी हुआ है। दूसरी ओर जेएसएससी द्वारा 2019 से अब तक 39,687 पदों पर नियुक्ति की अनुशंसा की गई, जिनमें से 20,206 पदों पर प्रक्रिया चल रही है। बजट सत्र के दौरान भाजपा विधायक सत्येंद्रनाथ तिवारी द्वारा पूछे गए तारांकित प्रश्न के जवाब में सरकार ने 80 आश्वासनों के अनुपालन की रिपोर्ट के तहत यह जानकारी सार्वजनिक की है।


