
प्रभात फेरी, देशभक्ति झांकी, खेलकूद और “प्रशासन बनाम पब्लिक” फुटबॉल मैच होंगे आकर्षण का केंद्र
महुआडांड़ ; महुआडांड़ देश की आजादी के 79वें पर्व को लेकर महुआडांड़ प्रखंड में उत्साह चरम पर है। इस बार 15 अगस्त को महुआडांड़ में स्वतंत्रता दिवस समारोह को ऐतिहासिक और भव्य रूप देने की तैयारी पूरी कर ली गई है। इसी को लेकर शुक्रवार को प्रखंड सभागार में अनुमंडल पदाधिकारी सुलेमान मुण्डारी की अध्यक्षता में एक सर्वदलीय एवं सर्वसमाज बैठक आयोजित की गई।बैठक में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, शिक्षाविदों और समाजसेवियों का संगम देखने को मिला।
बैठक में बीडीओ सह सीओ संतोष कुमार बैठा, प्रमुख कंचन कुजूर, उप प्रमुख अभय मिंज, जिला परिषद सदस्य इस्तेला नागेसिया, भाजपा मंडल अध्यक्ष अमित कुमार जायसवाल एवं प्रशांत सिंह, कांग्रेस मंडल अध्यक्ष नुरुल हसन, कांग्रेस आदिवासी जिला अध्यक्ष अजीत पाल कुजूर, जेएमएम युवा जिला सचिव परवेज आलम, जेएमएम नेता अहिया अंसारी, गुड्डू खान, हामी मुखिया प्रदीप बड़ाईक सहित विभिन्न पंचायतों के पंचायत सेवक और रोजगार सेवक उपस्थित रहे।शिक्षा जगत से प्रखंड शिक्षा विभाग से कामेश्वर प्रसाद, प्रोजेक्ट हाई स्कूल के प्राचार्य, कस्तूरबा विद्यालय की प्राचार्य, सरस्वती शिशु मंदिर के शिक्षकगण, स्वास्थ्य विभाग से सुबक सिंह, कृषि विभाग से रंजीत यादव, पशुपालन विभाग से मोरया सर, जेएसएलपीएस कर्मी पत्रकार बंधु, महुआडांड़ थाना से एसआई और ब्लॉक कर्मी कुणाल कुमार सहित सैकड़ों गणमान्य लोग बैठक में शामिल हुए।
क्या-क्या होगा खास इस बार?
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि इस वर्ष स्वतंत्रता दिवस को जनभागीदारी के साथ मनाया जाएगा।
1. राष्ट्रीय ध्वज का सम्मान सर्वोपरि: सभी सरकारी, गैर सरकारी संस्थानों, विद्यालयों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में निर्धारित समय पर गर्व के साथ झंडोत्तोलन किया जाएगा। एसडीओ ने सभी से अपील की कि राष्ट्रीय ध्वज का मान-सम्मान अक्षुण्ण रखा जाए।
2. प्रभात फेरी से गूंजेगा नगर: सुबह होते ही स्कूली बच्चों द्वारा देशभक्ति के गीतों के साथ भव्य प्रभात फेरी निकाली जाएगी। यह फेरी पूरे महुआडांड़ बाजार का भ्रमण कर देशभक्ति का माहौल बनाएगी।
3. आकर्षक झांकी और सांस्कृतिक कार्यक्रम: प्रखंड परिसर में छात्र-छात्राओं द्वारा भारत की विविध संस्कृति को दर्शाती मनमोहक झांकी प्रस्तुत की जाएगी। इसके बाद देशभक्ति गीतों पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित होंगे।
4. खेलकूद और रोमांचक फुटबॉल मैच: आवासीय उच्च विद्यालय के खेल मैदान में विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण *”प्रशासन बनाम पब्लिक” मैत्रीपूर्ण फुटबॉल मैच* होगा, जिसे लेकर क्षेत्र में जबरदस्त उत्साह है।
5. कड़ी सुरक्षा और यातायात व्यवस्था: समारोह को शांतिपूर्ण बनाने के लिए महुआडांड़ थाना पुलिस को विशेष जिम्मेदारी दी गई है। यातायात व्यवस्था को सुचारू रखा जाएगा।बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर क्षेत्र में मांस-मछली की बिक्री बंद रहेगी, ताकि पर्व की पवित्रता बनी रहे।बैठक के अंत में सभी जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने एक स्वर में कहा कि हम मिलकर 15 अगस्त को महुआडांड़ में ऐसा समारोह मनाएंगे जिसे आने वाली पीढ़ियां याद रखेंगी।

