दिल्ली की रेखा सरकार ने 600 निजी स्कूलों का किया निरीक्षण, कई को भेजा कारण बताओ नोटिस

Digital News
3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Delhi’s Rekha Sarkar inspected 600 private schools: दिल्ली की रेखा सरकार ने मनमाने ढंग से फीस बढ़ोतरी की मिली शिकायतों के बाद 600 निजी स्कूलों का निरीक्षण किया और 10 से ज्यादा स्कूलों को कारण बताओ नोटिस जारी किया। एक बयान के मुताबिक दिल्ली शिक्षा निदेशालय (DEO) ने मनमाने ढंग से और ज्यादा फीस बढ़ोतरी की मिली शिकायतों के बाद निजी स्कूलों की जांच के लिए जिला स्तरीय समितियों का गठन किया है।

एसडीएम की अध्यक्षता वाली इन समितियों में शिक्षा उपनिदेशक, लेखा अधिकारी और सरकारी स्कूलों के प्रधानाचार्य शामिल किए गए हैं। टीम को निजी गैर-सहायता प्राप्त स्कूलों का निरीक्षण करने का निर्देश दिया है, जिनमें शिक्षा निदेशालय को मिली शिकायतों में खासतौर पर उल्लेखित स्कूल शामिल हैं। बयान में कहा गया है कि दिल्ली के अब तक 600 से ज्यादा स्कूलों का निरीक्षण किया जा चुका है और यह प्रक्रिया अभी जारी है।

शिक्षा निदेशालय ने कहा कि मुनाफाखोरी के लिए मनमाने ढंग से फीस में बढ़ोतरी करने के लिए दोषी पाए स्कूलों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। इसमें कहा गया कि 10 से ज़्यादा ऐसे स्कूलों को पहले ही नोटिस दिया जा चुका है। शिक्षा निदेशालय ने कहा कि गंभीर मामलों में मान्यता रद्द करने और स्कूल प्रबंधन को अपने नियंत्रण में लेने जैसी कार्रवाई पर भी विचार किया जा रहा है।

बता दें बुधवार को कई अभिभावकों ने दिल्ली शिक्षा निदेशालय कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया था और बढ़ी हुई स्कूल फीस को वापस लेने और मामले में अधिकारियों से हस्तक्षेप करने की मांग की थी। दिल्ली में निजी गैर-सहायता प्राप्त स्कूलों द्वारा अनियमित और अत्यधिक फीस बढ़ोतरी के खिलाफ अभिभावकों द्वारा लंबे समय से शिकायतें की जा रही हैं।

उन्होंने स्कूलों पर दबाव डालने का भी आरोप लगाया है, जिसमें बोर्ड परीक्षाओं के लिए प्रवेश पत्र देने से इनकार करना और अनधिकृत शुल्क का भुगतान न करने पर छात्रों के नाम काटने की धमकी देना शामिल है।

मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक दिल्ली सीएम रेखा गुप्ता ने 15 अप्रैल को उन निजी स्कूलों के खिलाफ कार्रवाई करने का वादा किया था, जिन्होंने मनमाने ढंग से फीस बढ़ाई है। निजी स्कूलों के लिए शून्य सहनशीलता की नीति को व्यक्त करते हुए सीएम गुप्ता ने कहा कि सरकार कार्रवाई करेगी और उन संस्थानों को नोटिस भेजेगी जिनके बारे में अभिभावकों ने शिकायत की हैं।

Share This Article