मेडिकल वीजा की अवधि बढ़ाने की मांग पर केंद्र से मांगा जवाब

Digital News
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

नई दिल्ली: दिल्ली हाई कोर्ट ने भारत में इलाज कराने आए पूर्वी अफ्रीकी देश इथियोपिया के एक परिवार का मेडिकल वीजा बढ़ाने की मांग करने वाली याचिका पर सुनवाई करते हए केंद्र सरकार और फॉरेनर्स रीजनल रजिस्ट्रेशन ऑफिस (एफआरआरओ) को नोटिस जारी किया है।

जस्टिस रेखा पल्ली ने 6 सितंबर को अगली सुनवाई करने का आदेश दिया।

इथियोपिया का यह परिवार जुलाई, 2020 में मेडिकल वीजा पर भारत आय़ा था। परिवार के पांच सदस्य हैं।

इनमें से दो का भारत में इलाज करवाना था। उनका मेडिकल वीजा 7 सितम्बर को खत्म होने वाला है।

कोरोना संक्रमण की वजह से हवाई किराया काफी बढ़ गया जिसकी वजह से ये परिवार अपने देश नहीं लौट सका।

अब ये परिवार अपना मेडिकल वीजा 45 दिनों के लिए बढ़ाने की मांग कर रहा है।

सुनवाई के दौरान केंद्र सरकार की ओर से वकील राजेश गोगना ने कहा कि अगर याचिकाकर्ता भारत में 45 दिन और रहने की अनुमति देने के लिए दोबारा आवेदन करते हैं तो उस पर तेजी से विचार किया जाएगा।

पूरी दुनिया कोरोना के संक्रमण से जूझ रही है इसलिए उनके आवेदन पर सहानुभूतिपूर्वक विचार किया जाएगा।

इस पर याचिकाकर्ता की ओर से पेश वकील जीशान खान ने कहा कि वे तत्काल वीजा जारी करने के लिए आवेदन करेंगे।

तब कोर्ट ने याचिकाकर्ता को निर्देश दिया कि वे आवेदन की प्रति उचित प्राधिकार को दें।

कोर्ट ने केंद्र सरकार के वकील को निर्देश दिया कि वो कोर्ट के निर्देशों का तेजी से पालन कराएं।

Share This Article