

भुवनेश्वर : बीजू जनता दल (बीजद) के अध्यक्ष नवीन पटनायक ने शनिवार को ओडिशा से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसदों को पत्र लिखकर खान एवं खनिज (विकास एवं नियमन) यानी एमएमडीआर अधिनियम में किए गए संशोधनों को वापस लेने की मांग करने का आग्रह किया। ये संशोधन खनिज अधिकारों और खनिज समृद्ध भूमि खंडों पर कर लगाने की राज्यों की शक्तियों को सीमित करते हैं।





पटनायक ने सत्ताधारी दल के सांसदों से उन लोगों के हितों की रक्षा करने की भी अपील की जिन्होंने उन्हें संसद में चुनकर भेजा है। नवीन पटनायक ने पत्र में लिखा कि हमारी संसद भारतीय लोकतंत्र का सबसे बड़ा मंदिर है। सांसद के रूप में आप लोकतंत्र के इस सबसे बड़े मंच पर ओडिशा की आवाज हैं। ओडिशा के लोगों ने आपको उनके हितों की रक्षा के लिए भरोसे के साथ चुना है। इसलिए यह सबसे बड़ी चिंता की बात है कि आपने एक ऐसे मनमाने कानून के पक्ष में वोट दिया, जिसका ओडिशा के लोगों पर दूरगामी बुरा असर पड़ेगा।
उन्होंने कहा कि 13 अगस्त के दिन लोकसभा में आपके समर्थन से यह बिल पास हुआ और वह ओडिशा के लिए काला दिन था। यह बिल लोकसभा में 10 मिनट से भी कम चर्चा में पास किया गया, जबकि इसके प्रावधानों का ओडिशा के लोगों पर बहुत बड़ा असर पड़ने वाला है।
