
मेदिनीनगर : नीट यूजी परीक्षा को लेकर पलामू जिले में पुलिस पूरी तरह चौकन्नी नजर आ रही है। परीक्षा से एक दिन पहले शनिवार को शहर थाना प्रभारी ज्योति लाल रजवार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने शहर के कई होटल और रेस्ट हाउस का निरीक्षण किया। इस दौरान पुलिस ने वहां ठहरे लोगों की जानकारी ली और विजिटर रजिस्टर की जांच की। अधिकारियों ने यह भी देखा कि बाहर से आने वाले लोगों का सही रिकॉर्ड रखा जा रहा है या नहीं।
पुलिस ने होटल संचालकों को सख्त निर्देश दिया कि हर आने वाले मेहमान की पूरी जानकारी रजिस्टर में दर्ज करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। प्रशासन का मकसद है कि परीक्षा शांतिपूर्ण और बिना किसी गड़बड़ी के हो सके। रविवार को जिले के छह परीक्षा केंद्रों पर नीट यूजी परीक्षा आयोजित होगी। इसे निष्पक्ष और सुरक्षित बनाने के लिए प्रशासन और पुलिस दोनों पूरी तरह मुस्तैद हैं।

