

महुआडांड़ ; महुआडांड़ नेतरहाट पैगंबर-ए-इस्लाम हजरत मोहम्मद सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम के जन्मदिवस के अवसर पर बुधवार को नेतरहाट थाना क्षेत्र के विभिन्न इलाकों में ईद मिलाद-उल-नबी का जुलूस पूरे अकीदत, उत्साह और आपसी भाईचारे के साथ निकाला गया। नेतरहाट, दुरूप, लुर्गुमी, बर्दौनी सहित थाना क्षेत्र के कई गांवों में मुस्लिम समुदाय के लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।सुबह से ही विभिन्न स्थानों पर लोगों में त्योहार को लेकर उत्साह देखने को मिला। निर्धारित मार्गों से निकले जुलूस में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। जुलूस के दौरान धार्मिक नारों और मिलाद की गूंज से पूरा क्षेत्र भक्तिमय नजर आया। लोगों ने पैगंबर-ए-इस्लाम की शिक्षाओं को याद करते हुए उनके बताए रास्ते पर चलने और समाज में प्रेम, शांति तथा भाईचारा कायम रखने का संदेश दिया।





एसडीओ-डीएसपी के नेतृत्व में चाक-चौबंद रही सुरक्षा व्यवस्था
ईद मिलाद-उल-नबी को लेकर प्रशासन ने भी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष तैयारी की थी। एसडीओ एवं डीएसपी के नेतृत्व में पूरे थाना क्षेत्र में पुलिस और प्रशासनिक पदाधिकारी मुस्तैद रहे। जुलूस के मार्गों एवं संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी गई, ताकि त्योहार शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सके।
विधि-व्यवस्था की निगरानी में एसआई मुंद्रिका सिंह, एएसआई दिवाकर महतो, एएसआई सुदर्शन राम सहित पुलिस जवान लगातार तैनात रहे। पुलिस पदाधिकारियों ने जुलूस के दौरान स्थिति पर नजर बनाए रखी और लोगों से शांतिपूर्ण ढंग से जुलूस निकालने की अपील की।
भाईचारे और सौहार्द का दिखा संदेश
पूरे आयोजन के दौरान क्षेत्र में आपसी भाईचारे और सामाजिक सौहार्द का माहौल देखने को मिला। प्रशासन और पुलिस की सक्रिय मौजूदगी के बीच जुलूस शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ। अधिकारियों ने भी लोगों के सहयोग की सराहना करते हुए भविष्य में भी इसी तरह शांति और सद्भाव बनाए रखने की अपील की।
