


रांची: रिम्स में बिजली संकट से निपटने और निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए एक नया पावर ब्लॉक बनाया जाएगा। रिम्स प्रशासन ने पुराने भवनों के जीर्णोद्धार और विभिन्न विभागों में नए आधुनिक मेडिकल उपकरण लगने से बढ़ने वाले बिजली के लोड को ध्यान में रखते हुए यह योजना तैयार की है। नए उपकरणों के इस्तेमाल से बिजली ट्रिप होने या मशीनें बंद होने का खतरा बना रहता था, जिसे खत्म करने के लिए बुनियादी ढांचे को मजबूत किया जा रहा है।





इस योजना का जिम्मा झारखंड स्टेट बिल्डिंग कंस्ट्रक्शन कॉरपोरेशन लिमिटेड को सौंपा गया है। नए पावर सर्विस क्लिनिक परिसर में बनने वाले इस ब्लॉक में 4000 केवीए क्षमता के तीन ट्रांसफार्मर स्थापित किए जाएंगे। इसे रिम्स के न्यू एकेडमिक ब्लॉक, आईपीडी, ओपीडी और अन्य महत्वपूर्ण विभागों के साथ-साथ न्यू पावर सर्विस क्लिनिक, पोस्टमॉर्टम हाउस और पेइंग कैबिन से जोड़ा जाएगा। बिजली की यह नई और सुदृढ़ व्यवस्था इस तरह तैयार की जा रही है ताकि भविष्य में पुराने भवनों में बड़े विद्युत लोड का असर न पड़े और मरीजों के इलाज में कोई रुकावट न आए।
