झारखंड में कोरोना से जान गंवाने वालों के आश्रित को मदद पहुंचाने का काम तेज

News Aroma Media
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची: कोरोना महामारी के कारण जान गंवाने वाले लोगों के आश्रितों को सहायता राशि देने का काम रांची जिला प्रशासन की ओर से तेज कर दिया गया है।

रांची में कोरोना से मरने वाले 798 लोगों के आश्रितों के बीच अभी तक सहयोग राशि दी जा चुकी है। झारखंड सरकार की ओर से कोरोना से जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों को स्टेट डिजास्टर रिस्पांस फंड से 50 हजार रुपए की सहयोग राशि दी जा रही है।

इसके तहत रांची जिला प्रशासन ने 798 लोगों के आश्रितों के बीच 3.99 करोड़ रुपए का वितरण कर दिया है। यह राशि सीधे आश्रितों के बैंक अकाउंट में भेजी गई है।

आश्रितों के बैंक अकाउंट में ही भेजी जा रही है राशि

मृतक के आश्रित को सहयोग राशि लेने के लिए उपलब्ध कराए गए फॉर्म में जरूरी कागजात यानी कोविड से मौत का प्रमाण आदि के साथ आवेदन सीओ कार्यालय में देना होगा।

इसकी रिपोर्ट डीसीएलआर को भेजी जाएगी। यहां से एसडीओ के माध्यम से एडिशनल कलेक्टर फिर डीसी के पास जाएगा। डीसी के आदेश के बाद बैंक खाते में राशि भेजी जा रही है।

1607 लोगों की अब तक हो चुकी है मौत

कोरोना से अब तक रांची में 1607 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं, राज्य भर में कोरोना से मरने वाले लोगों के आंकड़े पर नजर डाली जाए तो इसकी संख्या 5315 है।

कोरोना महामारी से मरने वाले लोगों के आश्रितों को 50-50 हजार रुपए सहयोग राशि देने के लिए राज्य सरकार ने कुल 25.26 करोड़ की राशि जारी की है।

यह राशि दिसंबर 2021 में दी गई थी। तब 5133 मृतकों के आश्रितों के लिए यह राशि जारी की गई थी। जानकारी के अनुसार जिस जिले में आश्रितों को देने के लिए राशि घटेगी, वहां विभाग की ओर से फंड उपलब्ध कराया जाएगा।

Share This Article