भारत में COVID से मरने वालों का आधिकारिक आंकड़ा ‘संदिग्ध’: चिदंबरम

News Desk
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

नई दिल्ली: कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पी. चिदंबरम ने एक प्रतिष्ठित जर्नल की रिपोर्ट का हवाला देते हुए बृहस्पतिवार को दावा किया कि देश में कोविड-19 से मरने वालों का आधिकारिक आंकड़ा ‘‘संदिग्ध’’ है।

उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘एक प्रतिष्ठित जर्नल का अनुमान है कि भारत में एक जून, 2020 से एक जुलाई, 2021 के बीच कोविड से मरने वालों की संख्या 32 लाख है। यह आंकड़ा आधिकारिक आंकड़े चार लाख के मुकाबले आठ गुना अधिक है।’’

पूर्व केंद्रीय मंत्री ने कहा, ‘‘निश्चित तौर पर इनमें से 27 लाख मौतें पिछले साल अप्रैल, मई और जून में हुई होगी।’’ उन्होंने दावा किया कि आधिकारिक आंकड़ा संदिग्ध है।

भारत में एक दिन में कोविड-19 के 6,561 नये मामले सामने आने के बाद देश में अब तक कोरोना वायरस संक्रमित हुए लागों की कुल संख्या बृहस्पतिवार को बढ़ कर 4,29,45,160 हो गई। वहीं, उपचाराधीन मरीजों की संख्या अभी 77,152 है। देश में लगातार 25 दिन से संक्रमण के दैनिक मामलों की संख्या एक लाख से कम बनी हुई है।

केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से बृहस्पतिवार को सुबह आठ बजे जारी किए गए अद्यतन आंकड़ों के अनुसार, देश में 142 और लोगों की संक्रमण से मौत हो जाने के बाद कुल मृतक संख्या बढ़कर 5,14,388 हो गई है।

Share This Article