पाकुड़ पत्थर खदान हादसे में एक की मौत, दो घायल

News Aroma
1 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

पाकुड़: मालपहाड़ी ओपी क्षेत्र के सुन्दरापहाड़ी स्थित पत्थर खदान में काम के दौरान एक मजदूर की मौत हो गयी, जबकि दो अन्य मजदूर घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल ले जाया गया है। मौके पर मालपहाड़ी थाने की पुलिस पहुंच कर मामले की जांच कर रही है।

जिस पत्थर खदान में यह घटना घटी है उसके पट्टाधारी जिला परिषद अध्यक्ष बाबूधन मुरमू के पिता रगदा मुर्मू हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक मजदूर अताउर शेख पत्थर खदान में ब्लास्टिंग के लिए ड्रील कर रहा था।

इस दौरान ऊपर से एक पत्थर उसके सिर पर आ गिरा, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गयी। मृतक मजदूर सितापहाड़ी गांव का रहने वाला था।

घटना की सूचना मिलते ही आसपास के मजदूरों के अलावा ग्रामीण घटनास्थल पर जमा हो गए। मालपहाड़ी ओपी प्रभारी सुकरू उरांव ने बताया कि पत्थर खदान में हुई दुर्घटना में एक मजदूर की मौत हुई है।

उन्होंने बताया कि मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा जा रहा है। मामले की सूचना मिलते ही सिविल एसडीओ पंकज कुमार साव भी घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने मौके पर मौजूद मजदूरों के अलावा मृतक के परिजनों से भी बातचीत कर उनसे जानकारी ली।

Share This Article