
पलामू : पलामू जिले के हैदरनगर थाना क्षेत्र के बिंदु बिगहा गांव में एक मामूली विवाद ने बड़ा और दर्दनाक रूप ले लिया। जानकारी के अनुसार, चितरंजन पासवान का दीपक पासवान के परिवार से किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया। गुस्से में आकर आरोपी ने धारदार हथियार से दीपक पासवान, उनकी पत्नी कृपा देवी और उनकी गोद में मौजूद आठ माह के बच्चे पर हमला कर दिया। तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
ग्रामीणों की मदद से सभी को अनुमंडलीय अस्पताल हुसैनाबाद पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने मासूम बच्चे को मृत घोषित कर दिया। कृपा देवी और दीपक पासवान की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद मेदिनीनगर सदर अस्पताल रेफर किया गया। डॉक्टर राकेश रंजन ने बताया कि दीपक की हालत अभी भी चिंताजनक है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी चितरंजन पासवान को गिरफ्तार कर लिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है तथा मामले की जांच जारी है।

